विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरस मेला: दन-कालीन से ठप्पा छपाई तक, कुमाऊं के द्वार में बिखरे पारंपरिक रंग

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:16 PM (IST)

हल्द्वानी के सरस मेले में पहाड़ी महिलाओं का जज्बा और पारंपरिक कारीगरों का स्वदेशी हुनर प्रदर्शित हो रहा है, जिनके उत्पाद देश-विदेश में पहचान बना रहे हैं। यह मेला ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है, जिसमें जय मां काली समूह और लखपति दीदी गीता जोशी जैसे सफल प्रयास शामिल हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। पहाड़ की महिलाओं का जज्बा और पारंपरिक कारीगरों का स्वदेशी हुनर स्थानीय बाजारों की सीमाएं लांघकर देश के बड़े शहरों से लेकर सात समंदर पार अमेरिका और इंग्लैंड तक अपनी पहचान बना रहा है।

एमबी इंटर कालेज मैदान में चल रहे सरस मेले में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की इस नई उड़ान की जीवंत तस्वीर देखने को मिल रही है।

लोगों को लुभा रहा पारंपरिक पहाड़ी स्वाद 

मेले में जहां एक ओर पारंपरिक पहाड़ी स्वाद लोगों को लुभा रहा है, वहीं दूसरी ओर हस्तशिल्प और बुनकरों की कला भी खरीदारों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जय मां काली समूह की करीब 200 महिलाएं अपनी सक्रिय भागीदारी से नारी शक्ति का परिचय दे रही हैं।

शोभा रावत, अनीता रावत और राधा रावत के नेतृत्व में यह समूह अब तक लगभग 4,000 लोगों को आजीविका से जोड़ चुका है। इनके स्टाल पर हाथ से बने दन, कालीन, शाल और स्थानीय खाद्य उत्पाद ग्राहकों को खूब भा रहे हैं।

इसी तरह शगुन स्वयं सहायता समूह की गीता जोशी भी आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। पति के निधन जैसी कठिन परिस्थिति से उबरकर उन्होंने अपने हुनर को ताकत बनाया और आज सालाना 5 से 6 लाख रुपये का कारोबार कर रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से लखपति दीदी से सम्मानित गीता के बनाए पहाड़ी अचार, मुरब्बे, बड़ियां तथा बुरांश व माल्टा के जूस विदेश (अमेरिका, इंग्लैंड) जाने वाले लोगों की भी पहली पसंद बन चुके हैं। मेले में काशीपुर से आए कारीगर फरमूद अहमद की पीढ़ियों पुरानी हाथ की ठप्पा छपाई भी लोगों को आकर्षित कर रही है।

काटन और सिल्क के मिश्रण से बने उनके खास स्टाल और शाल की खूबी यह है कि ये गर्मी में ठंडक और सर्दी में गर्माहट देते हैं। 550 रुपये तक की किफायती कीमत में मिल रहे ये पारंपरिक परिधान खरीदारों की भीड़ जुटा रहे हैं। कुल मिलाकर, सरस मेला स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बड़ा मंच देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रहा है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के हल्द्वानी में 29 राज्यों का संगम, लोकल फॉर वोकल को मिली उड़ान... 172 महिला स्टॉल से सजा सरस मेला

यह भी पढ़ें- सरस मेला में रैंप पर जलवा बिखेरेंगी 'लखपति दीदी', कॉमेडी और क्विज शो का भी लगेगा तड़का

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।