हल्द्वानी में रिश्वत मांगना कानूनगो को पड़ा भारी, डीएम ने किया निलंबित
राजस्व निरीक्षक हल्द्वानी रमेश चंद्र को पूर्व सैनिक की जमीन पर अतिक्रमण के सीमांकन के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में जिलाधिकारी ने निलंबित कर दिया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नैनीताल। पूर्व सैनिक की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत के बाद सीमांकन के बदले धन की मांग करना राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को महंगा पड़ गया। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राजस्व निरीक्षक हल्द्वानी रमेश चन्द्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दरअसल तनोज तिवारी ने हिम्मतपुर तल्ला स्थित अपने प्लॉट पर अतिक्रमण को लेकर शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार उनके प्लॉट की लगभग 5.5 फीट चौड़ाई और 80 फीट गहराई (लगभग 440 वर्ग फुट) भूमि पर अतिक्रमण / दबाव किया गया है।
तिवारी ने 14 नवंबर 2026 को अपराह्न 4:29 बजे व्हाट्सएप के माध्यम से यह शिकायत राजस्व निरीक्षक हल्द्वानी को अग्रिम कार्यवाही को भेजी थी। 21 नवंबर 2026 को प्रस्तुत शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि 20 नवंबर 2026 को बग्वाल अवकाश के दिन शिकायतकर्ता को राजस्व निरीक्षक की ओर जे अपने कार्यालय में बुलाया गया। इसके बाद राजस्व निरीक्षक ने विवादित भूखंड पर विजिट किया।
50,000 रुपये की मांग
आरोप है कि विजिट के एवज में शिकायतकर्ता से पहले 9,700 रुपये की मांग की गई और दस्तावेज लेने के बाद त्वरित कार्यवाही के लिए पुनः 50,000 रुपये की मांग की गई।
प्रकरण में तहसीलदार हल्द्वानी की ओर से कानूनगो रमेश चन्द्र का स्पष्टीकरण प्राप्त किया गया। जिलाधिकारी को भेजी रिपोर्ट में एसडीएम की जांच के अनुसार शिकायतकर्ता स्वयं तहसीलदार हल्द्वानी के कार्यालय में उपस्थित हुए और तथ्यों से अवगत कराया।
एसडीएम ने कानूनगो रमेश चन्द्र के विरुद्ध उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली 2002 (यथा संशोधित) के अंतर्गत नियमानुसार अनुशासनात्मक, विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की गई। जिलाधिकारी ने आदेश में कहा है कि आरोपों की प्रकृति एवं गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष विभागीय जांच कराया जाना आवश्यक है। साथ ही संबंधित कर्मचारी की पूर्ववर्ती तैनाती जनपद हरिद्वार से उनके आचरण एवं कार्यशैली के संबंध में भी आख्या प्राप्त किए जाने की आवश्यकता है।
यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध दीर्घ शास्ति अधिरोपित किया जाना अपेक्षित हो सकता है।निष्पक्ष जांच और प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत निलंबन की कार्रवाई की गई है। अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि निलंबन अवधि में उन्हें तहसील रामनगर में सम्बद्ध किया गया है।
उल्लेखनीय है आरोपित कानूनगो का हरिद्वार में नगर निगम की भूमि के करोड़ों के घोटाले की जांच के दायरे में आने के बाद हल्द्वानी तबादला किया गया था। इस घोटाले में तत्कालीन जिलाधिकारी सहित नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों पर गाज गिरी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।