भागलपुर DPM रिश्वत कांड में नया मोड़, शिकायत करने वाले BRP रजनीश दास कार्यमुक्त
डीपीएम मनोज कुमार की रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामले में नया मोड़ आया है।

भागलपुर शिक्षा पदाधिकारी का कार्यालय। फाइल फोटो
HighLights
डीपीएम मनोज कुमार रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार हुए।
शिकायतकर्ता बीआरपी रजनीश कुमार दास कार्यमुक्त किए गए।
रजनीश पर वित्तीय अनियमितता का आरोप था।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। मध्याह्न भोजन योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मनोज कुमार की रिश्वत के आरोप में गिरफ्तारी के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।
जिस प्रखंड साधन सेवी (बीआरपी) रजनीश कुमार दास की शिकायत पर निगरानी की टीम ने कार्रवाई की थी, उन्हें शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है।
विभागीय सूत्रों की मानें तो रजनीश कुमार को विभाग ने वित्तीय अनियमितता और सरकारी राशि की निकासी के मामले में पहले ही घेरा था। अब उन्हें कार्यमुक्त किए जाने के बाद डीपीएम की गिरफ्तारी को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन योजना की ओर से 21 नवंबर को जारी कार्यालय आदेश में रजनीश कुमार दास पर 1,24,931 रुपये का दंड अधिरोपित किए जाने का उल्लेख है। यह राशि उनके मानदेय से वसूल की जानी थी।
आदेश के मुताबिक, विभाग के पास बकाया मानदेय और अन्य मदों की राशि का हिसाब करने के बाद निर्धारित दंड की पूरी राशि वसूल कर उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में पहले जारी चार नवंबर के आदेश में भी संशोधन किया गया है।
विभागीय सूत्रों का दावा है कि रजनीश कुमार पर कार्रवाई की तलवार लटक रही थी। इसी वजह से उन्होंने डीपीएम मनोज कुमार को रिश्वत के मामले में फंसाने की साजिश रची।
हालांकि, यह विभागीय सूत्रों का दावा है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। निगरानी की कार्रवाई में मनोज कुमार को 1.10 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया था।
यह भी पढ़ें- भोजपुर को ₹49.92 करोड़ की सौगात, PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 14 योजनाओं का किया उद्घाटन