विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम ने भोजपुर में 49.92 करोड़ रुपये से बने 14 योजनाओं का किया उद्घाटन

Published: Sun, 22 Nov 2026 01:39 AM (IST)

प्रधानमंत्री ने भोजपुर में 49.92 करोड़ रुपये की लागत से बनी 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और आवास क्षेत्रों में ग्रामीण सुविधाओं का विस्तार होगा। 

पीएम मोदी के कार्यक्रम को सुनते जनप्रतिनिधि और वरीय पदाधिकारी। जागरण

पीएम मोदी के कार्यक्रम को सुनते जनप्रतिनिधि और वरीय पदाधिकारी। जागरण

HighLights

  1. प्रधानमंत्री ने भोजपुर में 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

  2. स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, आवास क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा।

  3. 527 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला।

जागरण संवाददाता, आरा। प्रधानमंत्री के उद्घाटन समारोह से भोजपुर जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास को तेजी मिलेगी।

स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और आवास के क्षेत्र में 49.92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 14 योजनाओं का उद्घाटन होने से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा।

खासकर सात प्रखंडों में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र, दो पावर सब स्टेशन और चार उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के भवन आम लोगों और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होंगे। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 527 लाभार्थियों को पक्के मकान का लाभ मिला है।

शनिवार को प्रधानमंत्री ने वैशाली से इन योजनाओं का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट भवन में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इसमें जिले के जनप्रतिनिधियों और वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सात प्रखंडों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (स्वास्थ्य उपकेंद्र) का उद्घाटन किया गया।

इनमें उदवंतनगर के मल्थर, तरारी के विशुनपुर, अगिआंव के खनैत, संदेश के रामासाढ़, सहार के एकवारी, बिहिया के बिरपुर और जगदीशपुर के पिलापुर स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र शामिल हैं। इन सातों केंद्रों के निर्माण पर 299.88 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

इनके शुरू होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी। वहीं, ऊर्जा विभाग की ओर से दो नए 33/11 केवी पावर सब स्टेशन भी शुरू किए गए।

इनमें एक उदवंतनगर प्रखंड परिसर और दूसरा जगदीशपुर प्रखंड की हरिगांव पंचायत के सुंदरा गांव में स्थापित किया गया है।

उदवंतनगर पीएसएस से नौ पंचायतों के 30 गांवों के करीब 11 हजार परिवारों को, जबकि सुंदरा पीएसएस से आठ पंचायतों के 45 गांवों के लगभग नौ हजार परिवारों को लाभ मिलेगा।

इससे बिजली के भार का बेहतर प्रबंधन होने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। बिजली की गुणवत्ता में सुधार और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

वैशाली में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट में सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक राधाचरण साह, विधायक महेश पासवान, महापौर इंदु देवी, डीएम मनेश कुमार मीणा, एसपी अवधेश दीक्षित, डीडीसी अरुण प्रकाश, नगर आयुक्त अंजू कुमारी, सिविल सर्जन शिवेंद्र कुमार सिन्हा, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल थे।

चार विद्यालयों को मिले नए भवन, 527 परिवारों को मिला पक्का मकान

शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले को चार नए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवनों की सौगातें मिली है। इनमें सहार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरुही, पीरो के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टार, उदवंतनगर के उच्च माध्यमिक विद्यालय कुसुम्हा (सुर्हनी) और संदेश के ध्वज नारायण क्षत्रिय उच्च विद्यालय कुसरे शामिल हैं। इन भवनों के निर्माण पर 608.947 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

नए भवनों से विद्यार्थियों को पठन-पाठन के लिए बेहतर वातावरण और जरूरी आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। इसी क्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना के 527 लाभार्थियों को पक्के मकान का लाभ प्रदान किया गया।

इन आवासों के निर्माण पर 13.17 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास की सुविधा मिली है।

यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद हंगामे का वीडियो वायरल, राजद कार्यकर्ताओं पर पोस्टर फाड़ने का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।