नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद हंगामे का वीडियो वायरल, राजद कार्यकर्ताओं पर पोस्टर फाड़ने का आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद, राजद समर्थकों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवा पुल पर लगे एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ते और तेजस्वी-लालू यादव के नारे लगाते दिख रहे हैं, जिस पर बहस छिड़ गई है।

नीतीश सेतु पर विरोध करते युवक। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद वीडियो हुआ वायरल।
राजद समर्थकों ने एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़े।
तेजस्वी-लालू यादव के समर्थन में लगाए नारे।
संवाद सूत्र, राघोपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। प्रसारित वीडियो नीतीश सेतु, राघोपुर का बताया जा रहा है।
वीडियो में कुछ युवा हाथ में राजद का झंडा लिए नजर आ रहे हैं और तेजस्वी यादव और लालू यादव जिंदाबाद के नारे लगाते दिख रहे हैं।
वीडियो में देखा जा रहा है कि युवा नीतीश सेतु पर लगे फ्लेक्स-बैनर को नोच रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुल पर लगे एनडीए नेताओं के पोस्टर-बैनर को युवाओं द्वारा फाड़ा जा रहा है। इसी दौरान युवा लगातार तेजस्वी यादव और लालू यादव के समर्थन में नारेबाजी करते दिख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद कुछ युवा पुल पर पहुंचे थे। युवाओं के एक साथ जुटने और हंगामा करने की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और युवाओं को वहां से हटाया।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा नीतीश सेतु के लोकार्पण के पश्चात हाथ में राजद का झंडा लेकर पोस्टर-बैनर फाड़ना और तेजस्वी यादव व लालू यादव जिंदाबाद के नारे लगाना कहां तक सही है।
वहीं कुछ लोग इसे युवाओं का विरोध प्रदर्शन बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू है।
इस तरह की ओछी राजनीतिक कहां तक सही है। स्थानीय लोगों के अनुसार विरोध का तरीका अलग-अलग होता है। इस तरह का विरोध कहां तक जायज है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर विक्रमशिला सेतु पर गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा; स्लैब ढलाई शुरू, 14 जनवरी तक भारी वाहन भी भरेंगे फर्राटा