हल्द्वानी अस्पताल से दुष्कर्म का आरोपित किशोर अब तक पुलिस पुलिस की गिरफ्त से दूर, बस स्टैंड के पास मिली लोकेशन
हल्द्वानी के बेस अस्पताल से दुष्कर्म का आरोपित किशोर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और ...और पढ़ें

यह फोटो एआई से बनाई गई है
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। बेस अस्पताल की खिड़की से कूदकर फरार हुआ दुष्कर्म का आरोपित किशोर अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है। मामले में बाल संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक विनोद डालाकोटी की ओर से तहरीर दी गई है।
पुलिस प्राथमिकी पंजीकृत करने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, फरार किशोर की लोकेशन हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के आसपास भी दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आरोपित के स्वजन से पूछताछ कर रही है।
गुरुवार को 16 वर्षीय किशोर को तबीयत खराब होने पर स्वास्थ्य जांच के लिए बाल संप्रेक्षण गृह से बेस अस्पताल लाया गया था। दोपहर करीब एक बजे उसने शौचालय जाने का बहाना बनाया और पुलिस की नजरों से बचकर खिड़की से कूदकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। बनभूलपुरा क्षेत्र की एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने करीब एक माह पहले किशोर को गिरफ्तार किया था। किशोर न्यायालय के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।
गुरुवार को स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाए जाने के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार किशोर की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि बाल संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक विनोद डालाकोटी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत किया जा रहा है। फरार किशोर की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- तीनपानी फ्लाईओवर हादसाः उत्कर्ष की मौत से उजड़ गया मां-बाप का संसार, सिद्धांत की मां बदहवास
यह भी पढ़ें- तीनपानी फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराई कार, दो छात्रों की मौत, दो घायल
