तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार का कहर एक की मौत, दो घायल
हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शुक्रवार को तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे। हादसे में युवती सुरक्षित बच गई। घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार यूके 02 ए 2544 नंबर की है। कार किसी शिक्षक की बताई जा रही है।
हालांकि, कार के स्वामी और हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवारों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधीनस्थों से हादसे की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- कुमाऊं में साइबर ठगी का बढ़ता जाल, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल बने निशाना
