हल्द्वानी में प्रसूता की मौत पर ब्लॉगर की टिप्पणी से भड़के स्वजन, कोतवाली में हुआ हंगामा
हल्द्वानी के पीएसपी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद एक ब्लॉगर की टिप्पणी से विवाद बढ़ गया। मृतका के ...और पढ़ें
HighLights
पीएसपी अस्पताल में प्रसूता की मौत, ब्लॉगर की टिप्पणी से विवाद.
मृतका के परिवार ने ब्लॉगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
हल्द्वानी कोतवाली में स्वजनों ने एक घंटे तक हंगामा किया.
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। पीएसपी अस्पताल में प्रसूता की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इंटरनेट मीडिया पर ब्लागर की टिप्पणी ने विवाद को नया मोड़ दे दिया। पीड़ित परिवार के विरुद्ध वीडियो पोस्ट किए जाने से स्वजन भड़क गए।
सोमवार रात कार्रवाई की मांग को लेकर स्वजन हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गए। यहां करीब एक घंटे तक हंगामा हुआ। बाद में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्वजन को शांत कराया।
बीते दिनों रामपुर रोड स्थित पीएसपी अस्पताल में उपचार के दौरान प्रसूता अर्शदीप की मौत हो गई थी। इसके बाद स्वजन ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था।
मामला अभी चर्चा में ही था कि सोमवार शाम इंटरनेट मीडिया पर एक ब्लागर ने मृतका के परिवार को लेकर वीडियो पोस्ट कर दिया।स्वजन का आरोप है कि वीडियो में ब्लागर ने टिप्पणी की कि अगर अस्पताल में इलाज कराने की हैसियत नहीं थी तो वहां लेकर क्यों गए।
इसके साथ ही अस्पताल में चिकित्सक के साथ अभद्रता और अराजकता करने का आरोप भी परिवार पर लगाया गया। वीडियो सामने आने के बाद स्वजन में आक्रोश फैल गया। वे ब्लागर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग लेकर कोतवाली पहुंच गए।
मृतका के पिता बलजीत ने पुलिस को तहरीर देकर ब्लागर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस दौरान करीब एक घंटे तक कोतवाली में हंगामे की स्थिति बनी रही। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि स्वजन को ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया गया, जिसके बाद वे घर लौट गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।