हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला, चारों आरोपित भेजे जेल
हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एबीवीपी के पूर्व नेता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।
HighLights
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
आरोपियों में एबीवीपी का पूर्व नेता और छात्रसंघ प्रत्याशी शामिल
एबीवीपी ने घटना की निंदा कर कठोर कार्रवाई की मांग की
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एबीवीपी के पूर्व नेता और छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी समेत चारों आरोपितों को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया है।
एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि गुरुवार को एक नाबालिग बच्ची के स्वजन ने मुखानी कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी बच्ची के साथ चार लड़कों ने डरा-धमका कर एक होटल में गैंग रेप किया है।
मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करते हुए धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार कर लिया। ये चारों न सिर्फ शहर के चर्चित आटीआईआई गैंग के सदस्य हैं।
धीरज बिष्ट इसी साल एबीवीपी के एमबीपीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष का प्रत्याशी था। शनिवार को आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। इधर, पुलिस जांच में सामने आया कि त्रिशूल होम स्टे संचालक ने बगैर आइडी के कमरा उपलब्ध कराया था। इसके अलावा भी कई अन्य खामियां भी मिलीं हैं।
छात्रा से दुष्कर्म मामले में दोषियों पर हो कठोरतम कार्रवाई : एबीवीपी
नाबालिग से दुष्कर्म की घटना पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बयान जारी कर कहा, मीडिया के माध्यम से हल्द्वानी में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना के आरोपों की जानकारी सामने आई है।
एबीवीपी इसकी कड़े शब्दों में भर्त्सना करती है। संगठन के प्रदेश मंत्री यशवंत पवार ने कहा, एबीवीपी इस गंभीर प्रकरण में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। एबीवीपी प्रशासन से मांग करती है कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम से कठोरतम कार्रवाई की जाए।