संजना व नन्ही कली दुष्कर्म-हत्या का मामला, अभियुक्त बरी... तो दोषी कौन?
संजना और नन्ही कली दुष्कर्म-हत्या मामलों में अभियुक्तों के बरी होने से न्याय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। एक ...और पढ़ें

HighLights
संजना और नन्ही कली के दुष्कर्म-हत्या मामलों की पड़ताल
दोनों मामलों में अभियुक्तों को उच्च न्यायालयों से मिली रिहाई
न्याय हेतु सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिकाएं दायर की गईं
किशोर जोशी, नैनीताल। कहानी दो अबोध बच्चियों की है, जिनके साथ जिस्म के भूखे दरिंदों ने अपहरण कर दुष्कर्म किया, फिर निर्मम तरीके से हत्या कर दोनों परिवारों की उम्मीदों को ही रक्तरंजित कर दिया। दोनों हत्याओं से पूरा कुमाऊं दहल उठा और लोग सड़कों पर उतर आए।
विचारण कोर्ट से दोनों मामलों में अभियुक्तों को फांसी की सजा सुनाई गई लेकिन एक मामले का अभियुक्त हाई कोर्ट से तो दूसरे का सुप्रीम कोर्ट से दोषमुक्त हो गया। अब सवाल यह पैदा हो गया है कि दोनों बच्चियों का अपहरण कर दुष्कर्म व हत्या आखिर किसने की, अभियुक्तों ने या सिस्टम ने।
न्याय के लिए एक बच्ची का पिता स्वयं, तो दूसरी के लिए सरकार पुनर्विचार के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंची। जबकि दूसरे मामले में बच्ची के पिता ने तो जनता के साथ आंदोलन का एलान कर डाला है।
संजना व नन्ही हत्याकांड के समय राज्य में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन बरी होने के दौर में एक में कांग्रेस व दूसरे में भाजपा की सरकार है। इसलिए इस मामले में भाजपा-कांग्रेस दोनों की सरकारें सवालों के घेरे में हैं। विधानसभा चुनाव से पहले दोनों मामलों पर सियासत गरमाने के आसार हैं।
रात 11 बजे शौच को जाने के बाद खेत में मिला शव
नैनीताल: अभियोजन के अनुसार 10 जुलाई 2012 को रात 11 बजे शौच को गई संजना उर्फ नानू रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। सुबह खेत में उसका शव नग्न हालत में मिला तो जनाक्रोश फूट पड़ा। पुलिस ने दुष्कर्म व हत्या की धारा में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। डीएनए परीक्षण की दस चरणों में जांच की गई। 15 संदिग्धों के नमूने जांच को भेजे और संदेह के आधार पर आरोपित तिवारी नगर बिंदुखत्ता व मूल रूप से चंपावत के गढ़ीगोट निवासी दीपक आर्य का नाम सामने आया।
छह फरवरी को डीएनए रिपोर्ट के आधार पर दीपक को गिरफ्तार किया गया। डीजीसी फौजदारी सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि 28 फरवरी 2014 को जिला एवं सत्र न्यायालय नैनीताल ने इस मामले में अभियुक्त दीपक को हत्या के अपराध में फांसी तथा दुष्कर्म में आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
पुष्टि के लिए भेजे मामले में आठ अक्टूबर 2015 को हाई कोर्ट ने सजा रद करते हुए दीपक को बरी कर दिया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने संजना के पिता नवीन की विशेष अनुमति याचिका स्वीकार करते हुए सरकार व अभियुक्त दीपक को नोटिस जारी किया, लेकिन उसके बाद आगे सुनवाई नहीं हुई।
बारात से अपहरण कर दरिंदों ने दुष्कर्म कर दी हत्या
नैनीताल: करीब 14 साल पहले हल्द्वानी में रिश्तेदार की बारात में पहुंची नन्ही कली की दुष्कर्म व हत्या के मामले में अभियुक्त डंपर चालक अख्तर अली सुप्रीम कोर्ट से बरी हो चुका है। इस मामले में मुख्यमंत्री के निर्देश पर न्याय विभाग व पुलिस विभाग एक्टिव और सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर हुई।
दरअसल 20 नवंबर 2014 को थाना काठगोदाम क्षेत्र में पिथौरागढ़ से पिता के साथ बारात में आई नन्ही कली का शव 25 नवंबर को गौला नदी के समीप बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित अख्तर अली व दो अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।
पोक्सो कोर्ट ने अख्तर अली को फांसी व प्रेम पाल को पांच साल की सजा सुनाई। हाई कोर्ट ने भी यह सजा बरकरार रखी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने संदेह के आधार पर अभियुक्त को दोषमुक्त करार दिया।
यह भी पढ़ें- नन्ही कली हत्याकांड: महिला अधिवक्ता को धमकी देने का मामला, कई सोशल मीडिया प्लेटफार्म को हाई कोर्ट का नोटिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।