वंदे भारत एक्सप्रेस के रास्ते में अतिक्रमण की दीवार, कब खुलेगा कुमाऊं का यह मेगा रेलवे प्लान
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के विस्तार और कुमाऊं में वंदे भारत ट्रेन के प्रवेश में बनभूलपुरा में 31 हेक्टेयर रेलवे भूमि ...और पढ़ें

हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में भूमि न मिलने से नहीं हो पा रहा ट्रेनों का विस्तार। जागरण
HighLights
बनभूलपुरा में 31 हेक्टेयर रेलवे भूमि पर अतिक्रमण।
हल्द्वानी स्टेशन विस्तार, वंदे भारत ट्रेन प्रवेश रुका।
सुप्रीम कोर्ट ने पीएम आवास योजना लाभ का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन में जगह का अभाव होने के बाद हल्द्वानी रेलवे स्टेशन से ही ट्रेनों का संचालन और विस्तार होना है। इसके लिए रेलवे प्रबंधन ने रोडमैप भी तैयार किया है, लेकिन स्टेशन से सटे बनभूलपुरा क्षेत्र में करीब 31 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण मुक्त न होने से यह प्लान ठप पड़ा है। हालांकि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। इसके चलते कुमाऊं में वंदे भारत ट्रेन का प्रवेश रुका पड़ा है।
हल्द्वानी बनाम बनभूलपुरा अतिक्रमण मामला करीब 10 वर्षों से हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में 24 फरवरी 2026 को टिप्पणी देते हुए यहां बसे लोगों को पीएम आवास योजना के तहत लाभ देने के निर्देश दिए थे। इससे रेलवे स्टेशन हल्द्वानी के विस्तार की उम्मीद जगी।
रेलवे के अनुसार 31 हेक्टेयर भूमि उनकी है। इसके लिए रेलवे ने स्टेशन के विस्तार से लेकर नई ट्रेनों के संचालन का खाका भी तैयार कर लिया है। यहां तक कि इज्जतनगर मंडल रेलवे ने सुप्रीम कोर्ट में विकास कार्यों का खाका भी प्रस्तुत किया है।
इसके अनुसार रेलवे को अतिक्रमित भूमि मिलने पर 17 रेल लाइनें बिछाई जानी हैं। इस पर विभिन्न रूटों की ट्रेनों का संचालन होगा। इससे वंदे भारत ट्रेन का कुमाऊं में प्रवेश हो पाएगा। अभी यह ट्रेन केवल देहरादून तक ही पहुंची है।
छह प्लेटफार्म बढ़ेंगे, मालगाड़ी भी आएंगी
सुप्रीम कोर्ट को रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमित भूमि मिलने के बाद होने वाले विकास कार्य की रिपोर्ट दी है। इसमें सबसे पहले गौला से प्रभावित होने वाली रेल लाइन दूसरी तरफ शिफ्ट होगी। क्योंकि बरसात के समय अक्सर गौला उफान में आने से अक्सर रेल संचालन बाधित होता है। रेलवे को भूमि मिलने के बाद यहां करीब 17 रेल लाइनें बिछाई जानी हैं।
रेल लाइन बिछाने के साथ प्लेटफार्म का विस्तार होना है। इससे हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर तीन प्लेटफार्म की जगह छह प्लेटफार्म हो जाएंगे। साथ ही स्टेशन पर गुड्स प्लेटफार्म बनेगा, जिस पर पहाड़ के लिए विभिन्न उत्पाद लाने वाली मालगाड़ियां ही आएंगी। इसके अलावा ट्रेनों के कोच की वाशिंग, सफाई व शंटिंग के लिए कोचिंग डिपो, फाटक को बंद कर अंडरपास बनाया जाएगा। इससे जाम में राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- नैनीताल जू में जल्द होगी सफेद बाघ और रंग-बिरंगे मकाओ की एंट्री, पर्यटकों को मिलेगा डबल सरप्राइज
वंदे भारत से लेकर असम के कामाख्या मंदिर तक चलेगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण वाली भूमि मिलने से वंदे भारत ट्रेन का कुमाऊं में प्रवेश हो पाएगा। यह ट्रेन काठगोदाम से दिल्ली तक चलाई जानी है। इसके अलावा मंडल में असम के लिए प्रस्तावित ट्रेन चलने की संभावना है। इस ट्रेन के चलने से श्रद्धालु आसानी से सीधे कामाख्या मंदिर पहुंच पाएंगे।
यह भी पढ़ें- काले पड़ रहे हिमालय के शिखर, ब्लैक कार्बन और धूल से तेजी से पिघल रहे ग्लेशियर
इसके अलावा मुंबई, बनारस के साथ अन्य रूटों पर ट्रेनें चलना प्रस्तावित है। वहीं वर्तमान में चल रही कानपुर, जम्मू रूट के लिए चलने वाली ट्रेन का समय बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि वर्तमान में काठगोदाम व हल्द्वानी से केवल 10 ट्रेनें चलती हैं। इससे कुछ ही जगहों पर यात्रियों का जाना हो पाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।