उत्तराखंड में बनेगा नया बाईपास और पुल, कुमाऊं आने वाले पर्यटकों को नहीं मिलेगा जाम
हल्द्वानी में काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास और कलसिया नाले पर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह परियोजना कुमाऊं के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। आठ महीने बाद हल्द्वानी समेत कुमाऊं के लोगों और पर्यटकों को जाम के संकट से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। वर्तमान में भीमताल, धारी, ओखलकांडा, भवाली, कैंचीधाम, देवीधुरा से लेकर अल्मोड़ा जाने वाले लोगों को गुलाबघाटी होकर गुजरना पड़ता है।
ज्योलीकोट और नैनीताल को आने-जाने वाले पर्यटक वाहन भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। बाईपास बनने पर भीमताल रोड से जुड़ी गाड़ियों को गुलाबघाटी की तरफ नहीं जाना पड़ेगा। 18 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे।
वहीं, काठगोदाम में कलसिया नाले के ऊपर स्थायी ब्रिज भी तैयार होगा। पिछले पांच वर्ष से बैली ब्रिज से काम चलाया जा रहा है जो कि अस्थायी व्यवस्था है। नए पुल के निर्माण के लिए अतिक्रमण चिह्नित कर लिया गया है।
24 मीटर लंबा और सात मीटर चौड़ा होगा पुल
कलसिया नाले के ऊपर पुल निर्माण के लिए एनएच हल्द्वानी डिवीजन ने सात लोगों को नोटिस दिया है। इनके भवन का कुछ हिस्सा अतिक्रमण की जद में आ रहा है। पुल की लंबाई 24 मीटर और चौड़ाई सात मीटर होगी।
पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी की तरफ बढ़ने में वाहन चालक इसका इस्तेमाल करेंगे। वर्ष 2022 से अस्थायी व्यवस्था यानी बैली ब्रिज से काम चलाया जा रहा है। अतिक्रमण तोड़ने के बाद इसे हटा लिया जाएगा। ईई महेंद्र कुमार के अनुसार अप्रैल 2027 तक पुल बन जाएगा।
नदी पार करने को बाईपास पर 75 मीटर लंबा पुल
काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास की कुल लंबाई साढ़े तीन किमी होगी। भीमताल रोड से जोड़ने के लिए 75 मीटर लंबा पुल तैयार होगा। पुल के माध्यम से लोग गौला नदी को पार कर दूसरे हिस्से में पहुंचेंगे।
दानीजाला और सिमलखेत गांव भी बाईपास के बाद सड़क से जुड़ जाएंगे। सिमलखेत के लोग वर्तमान में झूला पुल और दानीजाला के ग्रामीण रोपवे ट्राली से गौला नदी को पार करते हैं। ईई कृष्ण कुमार के अनुसार जून 2027 तक प्रोजेक्ट पूरा होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।