Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    सीएम ने किया 126 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, बोले- भ्रष्टाचारी मगरमच्छों को बख्शा नहीं जाएगा

    Updated: Sat, 07 Jun 2025 02:39 PM (IST)

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपना रही है और 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है। नैनीताल को विकास योजनाओं के माध्यम से आदर्श जिला बनाया जाएगा। जिले में 126 करोड़ रुपये की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। सरकार सांस्कृतिक पहचान सामाजिक समरसता और गोमाता संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

    Hero Image
    गंगापुर कब्दाल में गोशाला उद्घाटन के दौरान विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। Jagran

    जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है। केवल छोटे अधिकारियों को ही नहीं बल्कि भ्रष्टाचार करने वाले मगरमच्छों को भी नहीं छोड़ा गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आइएएस, पीसीएस हो या कोई अन्य अधिकारी, अपने कर्तव्यों का ठीक से निर्वहन नहीं करने वाले को नहीं बख्शा जाएगा। साथ ही उन्होंने विकास योजनाओं के जरिये नैनीताल जिले को आदर्श जिला बनाने का वादा किया।

    शनिवार को गंगापुर कब्डाल स्थित गोशाला में आयोजित कार्यक्रम में जिले की 126 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

    इन परियोजनाओं में शिक्षा, सड़क, चिकित्सा, सिंचाई, सीवरेज, सुंदरीकरण, नगर विकास और निराश्रित गोवंश संरक्षण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। धामी ने कहा कि यह सभी परियोजनाएं क्षेत्र की बुनियादी संरचना को मजबूती प्रदान करने के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

    नैनीताल जिले को आदर्श जिला बनाने की दिशा में मानसिक चिकित्सालय, कैंसर संस्थान, आयुष अस्पताल, ओपन जिम, अंबेडकर पार्क, रिंग रोड, बाईपास रोड, एस्ट्रो पार्क, पोलिनेटर पार्क, खेल विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाएं तेजी से कार्यान्वित हो रही हैं।

    हल्द्वानी को क्लीन एंड ग्रीन सिटी बनाने के लिए वेस्ट मैनेजमेंट और सीवरेज प्रबंधन योजनाएं शुरू की गई हैं, जबकि जाम की समस्या को दूर करने के लिए मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसे प्रयासों से तराई क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। इसमें सांसद अजय भट्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, डा. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा आदि शामिल रहे।

    सामाजिक समरसता के लिए प्रतिबद्ध है सरकार

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न केवल विकास बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद आदि के विरुद्ध लिए गए कठोर कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से आजाद भारत में सबसे पहले समान नागरिक संहिता को लागू करने के साथ ही देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। गोहत्या पर रोक लगाने के लिए गो संरक्षण कानून लागू किया है।

    गोमाता संरक्षण पर मजाक बनाता है विपक्ष

    धामी ने कहा कि विपक्ष का रवैया ही ऐसा है कि हम लोग गोमाता के संरक्षण पर काम करते हैं लेकिन इस पर विपक्ष हमारा मजाक बनाता है। ये ऐसे लोग हैं, जो सनातन धर्म को गाली देते हैं। हमने गो संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है। गो हत्या जैसे घृणित अपराध करने वालाें के लिए कठोर कानून बनाया है।