कुमाऊं में जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय nainital news
कुमाऊं की चार महत्वपूर्ण जिला पंचायत अध्यक्षों की सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
नैनीताल, जेएनएन : कुमाऊं की चार महत्वपूर्ण जिला पंचायत अध्यक्षों की सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। कुमाऊं में सियासी दृष्टि से बेहद खास नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा प्रत्याशी बेला तोलिया, ऊधमसिंह नगर से रेनू गंगवार, पिथौरागढ़ से दीपिका बोहरा और चंपावत से ज्योति राय के खिलाफ किसी ने नामांकन नहीं कराया है। ऐसे में इनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। विधिवत घोषणा चार नवंबर को नाम वापसी के बाद होगी। पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
राज्य बनने के बाद पहली बार नैनीताल जिले में भाजपा प्रत्याशी बेला तोलिया व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के ही आनंद दर्मवाल का उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। वहीं ऊधमसिंह नगर जिले में राज्य गठन के बाद अब तक हुए चुनावों में गंगवार परिवार ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। ससुर ईश्वरी प्रसाद गंगवार के बाद इस बार बहू रेनू गंगवार निर्विरोध अध्यक्ष बन गई हैं। उनके खिलाफ किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन न कराने से अब उनके नाम की औपचारिक घोषणा होनी है। ज्योति राय ने लोहाघाट विधायक की मौजूदगी में अपने 14 सदस्यों के साथ चंपावत जिपं अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं ललित कुंवर ने भी उपाध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल किया। अन्य किसी के नामांकन पत्र दाखिल न होने से उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। पिथौरागढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी दीपिका बोहरा का भी निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है।
यह भी पढ़ें : नैनीताल में जिपं अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय
यह भी पढ़ें : हाई कोर्ट ने देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण मामले में मांगा जवाब