हल्द्वानी के बनभूलपुरा में चोरी की बिजली से रोशन हो रहा था उर्स मेला, 12 लाख का जुर्माना
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में आयोजित उर्स मेले में 18 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी गई, जिसके लिए आयोजक पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। बनभूलपुरा में चोरगलिया रोड स्थित रेलवे क्रासिंग के पास आयोजित उर्स मेला चोरी की बिजली से रोशन हो रहा था। ऊर्जा निगम को आयोजन में करीब 18 किलोवाट बिजली चोरी होने का अनुमान है। मामले में टीम ने मेला आयोजक के विरुद्ध शुक्रवार की शाम बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर सौंप दी है।
बनभूलपुरा में चार नवंबर से उर्स मेले के लिए अस्थायी कनेक्शन लिया गया था। शुक्रवार को मेले का समापन था। इसके लिए बाकायदा ऊर्जा निगम की टीम ने मेले के लिए मीटर लगाया था, लेकिन मेले में मीटर को बाईपास कर अतिरिक्त बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था।
यूपीसीएल की टीम ने गुरुवार देर रात अचानक छापा मारकर बिजली चोरी का यह मामला पकड़ा। प्रारंभिक जांच में करीब 18 किलोवाट बिजली चोरी होने का अनुमान है।
टीम के जांच करने पर यह सामने आया कि अस्थायी कनेक्शन होने के बावजूद मीटर के तार में कट लगाकर बाईपास कनेक्शन जोड़ा गया था। इसके जरिये निर्धारित कनेक्शन से कहीं अधिक बिजली का उपयोग किया जा रहा था। मेले में अधिक रोशनी वाली हैलोजन लाइटें भी लगाई गई थीं, जिनमें बिजली की खपत काफी अधिक होती है।
इस पर टीम ने विद्युत मीटर और तार जब्त कर मौके पर ही कनेक्शन काट दिया। साथ ही, उपखंड अधिकारी कालाढूंगी की ओर से मेला आयोजक नियाज अहमद के विरुद्ध तहरीर सौंपी गई है। वहीं, बिजली चोरी के मामले में जुर्माना निर्धारित करने की फाइल यूपीसीएल के मुख्यालय को भेज दी गई है। मेला आयोजक के विरुद्ध करीब 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
मीटर रीडर की लापरवाही पर सेवा समाप्त
यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता रवि राजौरा ने लालडांठ क्षेत्र में छापेमारी कर विद्युत मीटरों की जांच की। इस दौरान एक घर के स्मार्ट मीटर की रीडिंग में गड़बड़ी मिली। जांच में सामने आया कि निगम के ही मीटर रीडर ने गलत रीडिंग फीड की थी। मामला सामने आने के बाद ठेका कर्मी मीटर रीडर की सेवा समाप्त कर दी गई है।
112 बिजली चोरों पर कार्रवाई न होने से बढ़े हौसले
करीब एक माह पहले ऊर्जा निगम की टीम ने बड़े पैमाने पर बनभूलपुरा में बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की थी। साथ ही, इन बिजली चोरों के विरुद्ध बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर सौंपी गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से इन चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसी वजह से बनभूलपुरा में अब भी बड़े स्तर पर बिजली चोरी हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।