हल्द्वानी के बनभूलपुरा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 78 चोरों पर 39 लाख का भारी जुर्माना
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में ऊर्जा निगम ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें 78 चोरों की पहचान ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
कुल 120 लोग बिजली चोरी करते मिले थे, पुलिस जांच के बाद होगी प्राथमिकी
एक साल से कर रहे थे बिजली चोरी, दोगुना देना होगा ऊर्जा निगम को जुर्माना
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। बनभूलपुरा में बिजली चोरों पर ऊर्जा निगम की विजिलेंस की कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने 78 चोरों की कुंडली तैयार कर दी गई है। इन बिजली चोरों ने एक साल में 307279 यूनिट बिजली चोरी की है।
पांच रुपये प्रति यूनिट बिजली चोरी के हिसाब से इन्होंने कुल 15 लाख 36 हजार 395 रुपये राजस्व का नुकसान कराया। अब इन लोगों पर ऊर्जा निगम दोगुना यानी 39 लाख 66 हजार 599 रुपये का दंड वसूलेगा।
सोमवार को भोर में ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम व पुलिस ने बनभूलपुरा में चार घंटे छापामारी कर कुल 120 बिजली चोर पकड़े थे। इसमें टीम को घरेलू कनेक्शन के साथ ही कटिया डालकर बिरयानी की दुकान में, पर्च्यून की दुकान, बंगले व कोटी वाले मकान भी मिले थे। इसके बाद ऊर्जा निगम की सात टीमों ने इनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर तैयार की।
सातों टीमों ने बनभूलपुरा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए सोमवार शाम को ही तहरीर सौंप दी है। अब पुलिस इन शिकायतों का परीक्षण कर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है। हालांकि मंगलवार रात तक बनभूलपुरा कोतवाली में बिजली चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि 120 में से 78 लोगों का डाटा तैयार कर दिया गया है। बाकि का बुधवार तक तैयार हो सकेगा। इधर, बनभूलपुरा कोतवाल डीएस फर्त्याल ने बताया कि पुलिस टीम शिकायतों का परीक्षण कर रही है। इसके बाद आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बनभूलपुरा में 380 किमी. तक बिछेगी आर्मर्ड केबल
पहली बार हल्द्वानी में ऊर्जा निगम की टीम ने बड़े स्तर पर बिजली चोरी पकड़ी। अब बिजली चोरी को रोकने के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से निगम 380 किमी. आर्मर्ड केबल लगाने जा रहा है। हालांकि अभी तक 80 किमी. आर्मर्ड केबिल लगा भी दी है। अब ऊर्जा निगम 300 किमी. में आर्मर्ड केबल लगाने की तैयारी में है। जो लाइन नंबर एक से लेकर 18 तक लगाई जाएगी। साथ ही नई बस्ती, उजाला नगर, इंदिरा नगर में भी लगेगी। ईई प्रदीप कुमार ने बताया कि इसको लेकर तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
65 हजार उपभोक्ताओं से निगम को मार्च तक करनी है 15 करोड़ की रिकवरी
ऊर्जा निगम के शहरी क्षेत्र में आठ करोड़ रुपये बकाया है। जबकि मार्च तक 15 करोड़ रुपये घरेलू, कमर्शियल व सरकारी विभागों से निगम को 15 करोड़ रुपये वसूलने हैं। बनभूलपुरा में एक वर्ष तक चोरी के चलते निगम को पहले से ही 15 लाख रुपये का नुकसान हो गया है। ईई प्रदीप ने बताया कि अब इन बिजली चोरों को नोटिस भेजकर वसूली की जाएगी।
बढ़ गए बिजली चोरी के मामले, वर्ष 2025 में हुई थी 67 पर प्राथमिकी
ऊर्जा निगम के अधिकारियों की ढिलाई के चलते बिजली चोरी के मामले बढ़ने में लगे हैं। इससे पूर्व वर्ष 2025 जुलाई में ऊर्जा निगम ने बनभूलपुरा में 67 लोगों पर बिजली चोरी पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद छापामारी नहीं होने के चलते चोरों को हौसले बुलुंद हो गए। इस बार बिजली चोरी में 120 यानी दोगुने चोर पकड़े गए हैं।
