होटल अलकनंदा को पीपीपी मोड पर देने के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार से स्वयं संचालन की मांग
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में होटल अलकनंदा को पीपीपी मोड पर देने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया।

HighLights
युवा कांग्रेस ने होटल अलकनंदा को पीपीपी मोड पर देने का विरोध किया।
कार्यकर्ताओं ने सरकार के फैसले को जनविरोधी बताते हुए वापस लेने की मांग की।
सार्वजनिक संपत्ति को निजी हाथों में सौंपने के खिलाफ विरोध जारी रहेगा।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। राज्य सरकार की ओर से होटल अलकनंदा को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर दिए जाने के फैसले के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने होटल के समीप प्रदर्शन किया।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर फैसले को जनविरोधी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि होटल अलकनंदा राज्य की महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति है। सरकार को इसे निजी हाथों में सौंपने के बजाय स्वयं संचालित करना चाहिए। सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में देना उचित नहीं है।
प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया ने कहा कि सरकार को होटल अलकनंदा को पीपीपी मोड पर देने के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। युवा कांग्रेस सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के निर्णय का विरोध जारी रखेगी।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुरली मनोहर ने कहा कि सरकार को सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण और बेहतर संचालन पर ध्यान देना चाहिए। युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष आदिल गुर्जर और इसरार सलमानी ने भी फैसले का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में पार्षद सोहित सेठी, प्रदीप कुमार, महेश, हिमांशु राजपूत, हाजी शहाबुद्दीन, शिव लोधी, जयंत जोशी, सौरव दुबे, गौरव तेश्वर, धनीराम शर्मा, विजय प्रजापति, सुनील प्रजापति, अजय, आशु भारद्वाज, तरुण कुमार, रवि कुमार, अंकित, विवेक, आसिम, आशु श्रीवास्तव, शुभम जोशी, उदित विद्याकुल, वसीम सलमानी और विक्रम शाह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।