Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand News: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने निरस्त किया पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम, संशोधित जारी

    Updated: Mon, 01 Dec 2025 09:00 PM (IST)

    उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम रद कर दिया है और संशोधित परिणाम जारी किया है। यह निर्णय तकनीकी त्रुटियों के कारण लिया गया है ...और पढ़ें

    Hero Image

    उत्तराखंड लोक सेवा आयोग का गेट।

    जागरण संवाददाता, हरिद्वार: राज्य लोक सेवा आयोग ने पीसीएस की मुख्य परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक समेत विभिन्न पदों के लिए आयोजित परीक्षा में 789 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।

    आयोग ने दो से पांच फरवरी के बीच पीसीएस के 189 पदों के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की थी, जिसका परिणाम 29 नवंबर को जारी किया गया था। उस समय 805 अभ्यर्थी सफल हुए थे, लेकिन तकनीकी त्रुटियां सामने आने पर आयोग ने सोमवार को परिणाम निरस्त कर संशोधित परिणाम जारी किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रारंभिक परीक्षा में भी आयोग से गलती हुई थी, जिससे आयोग ने सीख नहीं ली। आयोग ने पीसीएस प्री परीक्षा का परिणाम 23 दिसंबर 2024 को जारी किया था।

    इसमें परिवीक्षा अधिकारी (महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग) के पद के लिए 12 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इनके रोल नंबर 107132, 119742, 120925, 144302, 146609, 176078, 162271, 186453, 219236, 219819, 238736, 245207 थे।

    लेकिन जब मुख्य परीक्षा का परिणाम आया तो आयोग ने परिवीक्षा अधिकारी पद पर 162439, 182463 और 197739 को सफल घोषित कर दिया। जबकि प्री परीक्षा की कटआफ 95.9854 थी, और इन तीनों अभ्यर्थियों के अंक 81.2988, 82.3486 और 91.7894 थे—जो कटऑफ से कम थे।

    कटआफ से कम अंक होने के बावजूद इन अभ्यर्थियों को प्री परीक्षा में सफल दिखाया गया और मुख्य परीक्षा के परिणाम में भी परिवीक्षा अधिकारी पद के लिए शामिल कर दिया गया।

    जब अभ्यर्थियों ने इस पर आपत्ति जताई तो आयोग ने मामले की जांच की। जांच में त्रुटि की पुष्टि होने के बाद सोमवार को मुख्य परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किया गया।

    संशोधित परिणाम में पहले सफल घोषित किए गए तीनों अभ्यर्थियों (162439, 182463 और 197739) को परिवीक्षा अधिकारी पद से हटाकर समेकित पदों की सूची में शामिल किया गया है।

    उनकी जगह तीन नए अभ्यर्थियों 62271 (100.1814 अंक), 219236 (95.9854 अंक) और 245207 (99.6560 अंक) को सफल घोषित किया गया है। जिनके अंक कटआफ से अधिक हैं और वे पद के अनुरूप पात्र भी हैं।

    29 नवंबर को घोषित परिणाम में 808 अभ्यर्थियों को सफल बताया गया था, जबकि एक दिसंबर को जारी संशोधित परिणाम में 789 अभ्यर्थी ही सफल हुए हैं। कुल 19 अभ्यर्थियों को परिणाम से बाहर कर दिया गया है।

    संशोधित परिणाम में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट होमगार्ड, एआरटीओ, डीपीआरओ, कार्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला ग्राम उद्योग अधिकारी, वित्त अधिकारी, कोष अधिकारी, सहायक आयुक्त (राज्य कर), राज्य कर अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारी पदों के लिए 587 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं।

    उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ आफिसर और शिक्षा विभाग में विधि अधिकारी पदों के लिए 199 अभ्यर्थी, जबकि परिवीक्षा अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) के लिए तीन अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

    राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडे ने कहा कि तकनीकी खामियों के चलते कुछ अभ्यर्थी एक से अधिक पदों पर सफल प्रदर्शित हो रहे थे। त्रुटि को ठीक कर संशोधित परिणाम जारी किया गया है।

    यह भी पढ़ें- Uttarakhand News: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने निरस्त किया पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम, संशोधित जारी