विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Lockdown: ज्वालापुर के सील किए गए इलाकों में आधे घंटे में खाली हुआ दूध का टैंकर, सब्जी को मारामारी

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Fri, 10 Apr 2020 01:48 PM (IST)

सील किए गए इलाकों में गुरुवार सुबह दूध का टैंकर पहुंचाया गया। हालांकि टैंकर से आधे क्षेत्र में भी आपूर्ति ...और पढ़ें

Uttarakhand Lockdown: ज्वालापुर के सील किए गए इलाकों में आधे घंटे में खाली हुआ दूध का टैंकर, सब्जी को मारामारी
Uttarakhand Lockdown: ज्वालापुर के सील किए गए इलाकों में आधे घंटे में खाली हुआ दूध का टैंकर, सब्जी को मारामारी

हरिद्वार, जेएनएन। ज्वालापुर में सील किए गए इलाकों में गुरुवार सुबह दूध का टैंकर पहुंचाया गया। हालांकि टैंकर से आधे क्षेत्र में भी आपूर्ति नहीं हो पाई और आधे घंटे में ही टैंकर खाली हो गया। वहीं, सब्जी के लिए भी मारामारी की स्थिति रही। हालांकि पुलिस ने शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए आलू, प्याज और टमाटर जैसी कुछ सब्जियों की आपूर्ति कराई।

पांवधोई, नीलखुदाना, ईदगाह रोड, राम रहीम कॉलोनी, लकड़हारा जैसे मोहल्ले बुधवार दोपहर तक पूरी तरह सील कर दिए गए थे। गुरुवार सुबह दूध की सप्लाई के लिए एक टैंकर इलाके में भेजा गया। सबको थोड़ा-थोड़ा दूध मिल जाए, इसके लिए 250 ग्राम के पैकेट बनाए गए थे। इसके बावजूद टैंकर पूरे इलाके में दूध की आपूर्ति नहीं कर सका। लकड़हारान का कुछ इलाका, ईदगाह रोड, बाबर कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में दूध की आपूर्ति नहीं हो पाई।

हालांकि प्रशासन ने डिमांड के मुताबिक आपूर्ति का भरोसा दिलाया है। वहीं, पुलिस ने कुछ देर बाद बैंक तिराहे के पास सब्जी की ठेलियां लगाकर हेल्प डेस्क के लाउडस्पीकर व मस्जिदों से सब्जी बिकने का ऐलान कराया। इसके बाद शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए लोगों को सब्जी मुहैया कराई गई। क्षेत्र में दुधारू पशुओं के लिए चारे का संकट बना हुआ है। कुछ लोगों ने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को इससे अवगत कराया है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को चारे का बंदोबस्त हो सकता है।

बाकी इलाकों में डर, खरीदारी को उमड़ी भीड़

ज्वालापुर के तीन वार्ड सील और सात वार्ड पुलिस की निगरानी में होने के चलते बाकी इलाकों के बाशिंदे भी दहशत में हैं। उन्हें डर है कि कहीं उनका मोहल्ला भी सील न हो जाए। यही वजह है कि गुरुवार सुबह सात बजे से एक बजे के बीच खरीदारी के लिए छूट मिलने पर लोगों की भीड़ सामान लेने के लिए घरों से बाहर उमड़ पड़ी। कटहरा बाजार की सब्जी मंडी में सबसे ज्यादा भीड़ रही। लोगों ने एहतियात के तौर पर फल-सब्जी के हफ्तों का स्टॉक जमा करने के लिए जमकर खरीदारी की। यहां शारीरिक दूरी के नियमों की भी खूब धज्जियां उड़ी। 

सबसे ज्यादा मारामारी दूध को लेकर हुई। हालांकि पुलिस ने 12 बजे से पहले ही इन इलाकों में भी आवश्यक वस्तुओं की दुकानें बंद करा दी। इसके अलावा पंचपुरी के बाकी हिस्सों में भी दुकानदारों व आम लोगों में लॉकडाउन में छूट के समय को लेकर ऊहापोह की स्थिति रही। क्योंकि मंगलवार रात तक यह चर्चाएं थी कि बुधवार से छूट की अवधि सुबह सात से 10 बजे तक हो सकती है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lockdown: उत्‍तराखंड में राशन में गेहूं और चावल की मात्रा रहेगी समान

लॉकडाउन में दुकानें खोलने पर मुकदमा दर्ज

लक्सर के ग्रामीण क्षेत्र में दुकानदार लॉकडाउन के दौरान मिली छूट के बाद भी अपनी दुकानें खोल रहे हैं। खानपुर थाना क्षेत्र के लालचंदवाला गांव निवासी हसीन और मांडाबेला गांव निवासी सोनू ने लॉकडाउन के बावजूद अपनी परचून की दुकानें खोल रखी थी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाई। खानपुर एसओ दिलमोहन बिष्ट ने बताया कि दोनों दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के डौसनी गांव में भी इरफान ने लॉकडाउन के दौरान अपनी दुकान खोल रखी थी। एसआइ नवीन चौहान जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। आरोपित दुकानदार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। 

यह भी पढ़ें: उज्ज्वला सिलेंडर की मुफ्त डिलीवरी के कड़े नियम, भरवाना होगा फॉर्म Dehradun News

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।