विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में तीसरी राज्यव्यापी पक्षी गणना 14-15 नवंबर को, सभी 13 जिलों में जुटेंगे पक्षी प्रेमी

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:22 PM (GMT+05:30)

उत्तराखंड में 14-15 नवंबर को तीसरी राज्यव्यापी पक्षी गणना (UBC-2026) आयोजित होगी, जिसमें सभी 13 जिलों से 90 से अधिक पक्षी प्रेमी और 50 से अधिक संगठन भाग लेंगे।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

शैलेंद्र गोदियाल, जागरण हरिद्वार। पहाड़ों की चोटियों से लेकर तराई के जंगलों तक, कहीं बुलबुल की चहचहाहट तो कहीं हिमालयी मोनाल की खूबसूरती। प्रकृति के इस अनमोल संसार को कैमरे और दूरबीन में कैद करने के साथ अब उसके आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।

उत्तराखंड की समृद्ध पक्षी संपदा को पहचानने, समझने और संरक्षित करने के उद्देश्य से 14 और 15 नवंबर को तीसरी राज्यव्यापी उत्तराखंड पक्षी गणना (यूबीसी-2026) आयोजित होगी।

इस दौरान प्रदेश के सभी 13 जिलों में पक्षी प्रेमी, विद्यार्थी, प्रकृति विशेषज्ञ और स्थानीय समुदाय बर्ड-वाक के जरिए परिंदों की प्रजातियों का अभिलेखन करेंगे। पूर्व आइएफएस एवं प्रसिद्ध पक्षी विज्ञानी डा. धनंजय मोहन ने बताया कि इस बार आयोजन के लिए 90 से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं।

खास बात यह है कि इस पहल में 50 से अधिक संगठन, संरक्षण समूह, विद्यालय, गैर-लाभकारी संस्थाएं, होमस्टे और पर्यटन उद्यम भी भागीदारी कर रहे हैं। उत्तराखंड वन विभाग के सहयोग से आयोजित यह अभियान केवल पक्षियों की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की कोशिश भी है।

इस बार महिलाओं की भागीदारी भी खास आकर्षण होगी। वे राज्यस्तरीय समन्वय से लेकर स्थानीय बर्ड-वाक का नेतृत्व कर रही हैं। कुमाऊं में केवल महिलाओं के लिए विशेष पक्षी अवलोकन भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा।

729 प्रजातियों वाले प्रदेश में बढ़ रही भागीदारी

उत्तराखंड में पक्षियों की विविधता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां अब तक 729 प्रजातियां दर्ज की जा चुकी हैं। वर्ष 2024 में पहली गणना के दौरान 662 चेकलिस्ट के माध्यम से 399 प्रजातियों का अभिलेखन हुआ था।

वहीं, वर्ष 2025 की दूसरी गणना में 1,320 चेकलिस्ट के जरिये 408 प्रजातियां दर्ज की गईं। दोनों आयोजनों में 200 से अधिक पक्षी प्रेमियों ने भागीदारी की और प्रदेश के सभी जिले इस अभियान से जुड़े।

प्रसिद्ध बर्ड वाचर पिंकी गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन प्रकृतिविद् और पक्षी प्रेमी सुनीति भूषण दत्ता की स्मृति को समर्पित है, जिनका नवंबर 2025 में निधन हो गया था। गणना के दौरान जुटाए गए आंकड़े वैश्विक ई-बर्ड पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।

प्रतिभागियों को अपनी चेकलिस्ट 23 नवंबर तक जमा करनी होगी। पंजीकरण और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के लिए [https://birdcount.in/event/uttarakhand-bird-count/](https://birdcount.in/event/uttarakhand-bird-count/?utm_source=chatgpt.com) पर संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में बनेगी भाजपा की चुनावी रणनीति, नितिन नवीन की मौजूदगी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होगा मंथन

यह भी पढ़ें- हरिद्वार कुंभ को एतिहासिक बनाने के लिए महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने सीएम धामी से की चर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।