हरिद्वार कुंभ को एतिहासिक बनाने के लिए महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने सीएम धामी से की चर्चा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि से भेंट की।

कुंभ की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन को यादगार बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि से भेंट की।
हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ को भव्य बनाने पर चर्चा हुई।
संत समाज और सरकार के समन्वय से आयोजन होगा।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर एवं अखिल भारतीय संत समिति के उपाध्यक्ष जगद्गुरु स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने मुख्यमंत्री आवास पर भेंट की। इस दौरान कुंभ की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने कहा कि लगभग 84 वर्ष बाद हरिद्वार के अर्धकुंभ और उज्जैन के सिंहस्थ कुंभ के बीच एक वर्ष का अंतर होने से उत्तराखंड को कुंभ को विशेष भव्यता के साथ आयोजित करने का अवसर मिला है। हालांकि, इस बार प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री और सरकार के सामने कुंभ की व्यवस्थाओं के साथ चुनावी जिम्मेदारियों को भी पूरी क्षमता से निभाने की चुनौती रहेगी।
बैठक में इस बात पर विशेष चिंतन किया गया कि अर्धकुंभ का आयोजन किस प्रकार भव्य, दिव्य और अलौकिक बनाया जाए, ताकि यह देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सके। इसके लिए अखाड़ा परिषद, अखिल भारतीय संत समिति, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं और देश की विशिष्ट हस्तियों से संवाद किया जाएगा। उन्हें कुंभ में सहभागिता के लिए आमंत्रित करने की योजना भी बनाई जाएगी। उद्देश्य संत समाज और सरकार के समन्वय से आयोजन को यादगार बनाना है।