मेडिकल टेस्ट में अनफिट निकले सुरेश राठौर, नहीं हुआ नार्को टेस्ट.. बोले- 'हरिद्वार आकर खोलूंगा चिट्ठा'
अंकिता भंडारी मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर नार्को टेस्ट के लिए चिकित्सीय रूप से अयोग्य पाए गए हैं, जिससे उनका टेस्ट नहीं हो पाएगा।

पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर. File Photo
HighLights
पूर्व विधायक सुरेश राठौर नार्को टेस्ट के लिए अनफिट घोषित
उर्मिला सनावर ने मेडिकल रिपोर्ट को साजिश बताया
राठौर ने हरिद्वार पहुंचकर उर्मिला के राज खोलने की बात कही
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अंकिता भंडारी मामले में वीआईपी की भूमिका को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट में आखिरकार पेंच फंस गया है। नार्को से पहले होने वाले मेडिकल टेस्ट में सुरेश राठौर अनफिट पाए गए हैं। जिससे यह तय हो गया है कि उनका नार्को टेस्ट नहीं हो सकता है।
इधर, उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मेडिकल रिपोर्ट को साजिश का हिस्सा बताया है। वहीं, सुरेश राठौर का कहना है कि हरिद्वार पहुंचकर उर्मिला सनावर का पूरा काला चिट्ठा खोलेंगे।
रिपोर्ट में सुरेश अनफिट
नार्को टेस्ट से पहले संबंधित व्यक्ति को एनेस्थीसिया दिया जाता है, इसके लिए मेडिकल टेस्ट होना जरूरी है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि एनेस्थीसिया की कितनी मात्रा दी जानी है और उसका शरीर इसके लिए फिट है या नहीं। चार दिन पहले गुजरात के गांधीनगर पहुंचे सुरेश राठौर का मेडिकल टेस्ट हुआ था।
रिपोर्ट में सुरेश अनफिट निकले और उन्हें वापस भेज दिया गया। सुरेश राठौर अभी हरिद्वार पहुंचे भी नहीं की उर्मिला सनावर ने मोर्चा खोल दिया है। उर्मिला का कहना है कि यह सब साजिश का हिस्सा है। आरोप लगाया कि सुरेश राठौर ने नार्को टेस्ट से बचने के लिए शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का बहाना बनाया है।
दूसरी तरफ, गुजरात से लौट रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि हरिद्वार पहुंचने के बाद वह उर्मिला सनावर से जुड़े कई राज सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने उर्मिला के निजी जीवन और पारिवारिक संबंधों को लेकर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि वह बताएंगे कि उर्मिला के कितने पति हैं और मुंबई, दिल्ली, हरियाणा व सहारनपुर में उसके कौन-कौन करीबी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।