यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 23, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हमारे लिए राष्ट्र पहले, पार्टी बाद में: शिव प्रकाश Haridwar News
भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश ने कहा कि सर्वधर्म सद्भाव शोषणमुक्त समाज की स्थापना हमारी अवधारणा है ...और पढ़ें

हरिद्वार, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश ने कहा कि सर्वधर्म सद्भाव, शोषणमुक्त समाज की स्थापना, हमारी अवधारणा है और हम इसी अवधारणा के आधार पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छह अप्रैल 1980 को बनने वाली भाजपा इससे काफी पहले 21 अक्टूबर 1951 से एक अलग राजनीतिक विचारधारा के साथ देश में काम कर रही थी। कहा कि भाजपा और उसका हर एक कार्यकर्ता हमेशा राष्ट्रवाद के विचारों से ओतप्रोत हो अपने कार्य क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र को प्राथमिकता पर रखकर काम करता है।
हमेशा से राष्ट्र पहले और पार्टी बाद में है। यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि आस्था का विषय है, क्योंकि भाजपा और भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र के बारे में हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण से एक निश्चित दिशा में ही सोचता हैं। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह ने की।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश शनिवार को हरिद्वार में पार्टी के दो दिवसीय मंडल अध्यक्ष प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा के इतिहास विकास और भाजपा के विचार को लेकर मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का प्रोत्साहन किया। कहा कि हम सब मानते हैं कि हमारा राष्ट्र सांस्कृतिक अवधारणा को लेकर आगे चलता है, हमने हमेशा देश के लोकतांत्रिक मूल्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने भारतीय लोकतंत्र को अतुलनीय योगदान किया है, चाहे वह बंगाल के विषय को लेकर हो या फिर कश्मीर को लेकर। उन्होंने भारतीय जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बचाने के लिए हुआ था, आज अगर देश में लोकतंत्र बचा है तो इसकी गारंटी भारतीय जनता पार्टी और उसका हर कार्यकर्ता है।
प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि भाजपा परिवारवाद के आधार पर चलने वाली पार्टी नहीं है, हम एक व्यक्ति के आधार पर चलने वाली पार्टी नहीं हैं, हम वंश के आधार पर चलने वाली पार्टी भी नहीं हैं। कांग्रेस और अन्य पार्टियां इसी आधार पर आगे बढ़ीं, जबकि भाजपा ने हमेशा काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है। भाजपा का मानना है कि देश संविधान से चलता है। कहाकि ऐसा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने भी समय-समय पर अपने संबोधन में कहा था। हमने राष्ट्रीय एकता के लिए ऐतिहासिक एकता यात्रा के माध्यम से कन्याकुमारी से कश्मीर तक देश को एक करने की यात्रा भी निकाली।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में मंत्रिमंडल का विस्तार तय, कई मंत्रियों के बदलेंगे महकमें
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण विभाग प्रमुख ज्योति प्रसाद गैरोला ने कार्यकर्ताओं को ईमानदारी से सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत व प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने सभी अतिथियों का पुष्प देकर स्वागत किया। प्रशिक्षण कार्यशाला के अन्य सत्रों में विकास एवं वैचारिक अधिष्ठान भाजपा का इतिहास, राजनीतिक-सामाजिक विषयों में मंडल अध्यक्षों की भूमिका, सोशल मीडिया का महत्व एवं कार्य पद्धति आदि विषय पर चर्चा की गई।
