महाशिवरात्रि पर Haridwar में उमड़ा आस्था का सैलाब, पाकिस्तान से आए हिंदुओं ने भोलेनाथ का किया दुग्धाभिषेक
Uttarakhand News पाकिस्तान से आए हिंदुओं ने हरिद्वार के शदाणी घाट पर भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने हवन यज्ञ पिंडदान और गंगा स्नान किया। शदाणी दरबार के नवम पीठाधीश्वर संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने बताया कि पाकिस्तान सिंध से हिंदू श्रद्धालुओं का एक जत्था आया है। सभी भक्त गंगा मैया के पूजन में शामिल होने के लिए संत शदाणी गंगा घाट पर एकत्रित हुए हैं।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Uttarakhand News: पाकिस्तान के सिंध प्रांत हिंदू श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्रि पर्व पर शदाणी घाट पर भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक करने के बाद, हवन यज्ञ, पिंडदान और गंगा स्नान किया। इससे पूर्व सुबह हरकी पैड़ी पर अस्थियां विसर्जित की। साथ ही, गंगाजी का दुग्धाभिषेक किया।
महाशिवरात्रि पर्व पर हर की पैड़ी क्षेत्र में गंगा स्नान और गंगा जल लेने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। साभार कालू वर्मा
महाशिवरात्रि पर धर्मनगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही गंगा स्नान के लिए घाटों पर और जलाभिषेक के लिए शिवालयों में जुटने लगी। मंदिर में घंटे की गूंज और हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष से समूचा वातावरण शिवमय हुआ। महाशिवरात्रि पर्व के लिए जिलेभर के मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया।
मायापुरी के प्रजापति दक्षेश्वर मंदिर, बिल्वकेश्वर मंदिर, तिलभाण्डेश्वर महादेव मंदिर, नीलेश्वर मंदिर और मां दक्षिण काली के स्वयंभू शिवलिंग का अभिषेक करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जत्था आता रहा और सभी जलाभिषेक करते गए।
बिल्वकेश्वर मंदिर और कनखल स्थित दक्ष प्रजापति मंदिर में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी लाइन लगी। पंचाक्षर मंत्रों का जाप पूरे दिन चला। हरकी पैड़ी क्षेत्र में बुधवार की शाम शिव भक्तों ने बरात निकाली। इसमें भूत, प्रेत आदि शिवगण का रूप धारण कर युवा भक्तिमय गीतों की धुन पर खूब थिरके। माता पार्वती और भगवान शिव के विवाह से पूर्व इस बरात का दृश्य आकर्षक रहा।
भोले से की मनोवांछित फल की कामना
बहादराबाद क्षेत्र के सभी मंदिरों में महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने सुबह पांच बजे से ही जल चढ़ाना शुरू कर दिया था। बहादराबाद के सबसे प्राचीन शिवालय में सुबह 4 बजे से ही शिव भक्तों की कतार लग गई। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा है। आसपास के मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
महाशिवरात्रि के विशेष अवसर पर शिवालयों को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया है। कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। शिव मंदिर पीठ बाजार, शिव मंदिर आत्मलपुर बौंगला, शिव मंदिर खेड़ली, शिव बिहार कालोनी, प्राचीन शिव मंदिर धनौरी, पीपल वाला मंदिर धनौरी स्कूल, शिव मंदिर जस्वावाला के मंदिरों में भी जलाभिषेक किया।
गांव के मंदिर में लगी रही लंबी कतार
श्यामपुर। शारदीय माह की शिवरात्रि में ग्रामीण क्षेत्र में भी प्रत्येक शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। सुबह से लेकर शाम तक प्रत्येक मंदिर में लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। कई मंदिरों में भंडारे का भी आयोजन किया गया। सुबह से ही प्राचीन गौरी शंकर मंदिर, नीलेश्वर महादेव मंदिर, कांगड़ी के सोमेश्वर महादेव मंदिर, गाजीवाली के देवेश्वर महादेव मंदिर, बाहर पीली स्थित कुंडी सोटेश्वर महादेव मंदिर, लालढांग के प्राचीन शिव मंदिर में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली।
श्यामपुर स्थित प्राचीन नागेश्वर महादेव मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित राघवानंद शास्त्री ने बताया कि शिवरात्रि के दिन शिवलिंग का जलाभिषेक करने से निश्चित ही मनुष्य की मनोकामना पूर्ण होती है। इससे पूर्व लालढांग के प्राचीन शिव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
शिवरात्रि के दिन लालढांग में विशाल मेले का आयोजन किया गया। थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा ने बताया कि मेले में काफी दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं, लिहाजा किसी को भी किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए सुबह से ही पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।