हरिद्वार में ध्वनि प्रदूषण पर कार्रवाई, 94 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए गए
हरिद्वार पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए जिले के 94 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए।

धर्मस्थल से लाउडस्पीकर उतरवाती टीम: जागरण
HighLights
पुलिस ने 94 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए
ध्वनि प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन
भविष्य में उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। ध्वनि प्रदूषण को लेकर सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए पुलिस ने जिले भर में धर्मस्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाने के लिए अभियान चलाया।
निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे कुल 94 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवा दिए गए। भविष्य में उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी नियमों का पालन कराने के लिए अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने शहर व देहात में जायजा लिया तो कई धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों से ज्यादा पाई गई।
शहर क्षेत्र से 31 व देहात क्षेत्र से 63 धर्मस्थलों से लाउडस्पीकर हटवा दिए गए। साथ ही धर्मस्थलों के प्रबंधन को सुप्रीम कोर्ट व शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
यह भी स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- देहरादून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 43 मस्जिदों से उतरवाए गए बिना अनुमति लगे लाउडस्पीकर
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के केलाखेड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 4 मस्जिदों से हटाए गए लाउडस्पीकर
