विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के केलाखेड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 4 मस्जिदों से हटाए गए लाउडस्पीकर 

Published: Thu, 16 Jul 2026 06:06 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में केलाखेड़ा पुलिस ने नगर क्षेत्र की चार मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटवाए।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. केलाखेड़ा पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन किया

  2. नगर की चार मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए गए

  3. विद्यालयों और अस्पतालों के पास स्थित थे ये लाउडस्पीकर

संवाद सूत्र, केलाखेड़ा। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में केलाखेड़ा थाना पुलिस ने बुधवार को नगर क्षेत्र में स्थित चार मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर हटवाने की कार्रवाई की।

पुलिस ने संबंधित प्रबंधन समितियों को न्यायालय के आदेशों का पालन करने के निर्देश भी दिए।

थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केलाखेड़ा नगर की जामा मस्जिद, साबरी मस्जिद, मदीना मस्जिद और मोती मस्जिद का निरीक्षण किया।

इस दौरान विद्यालय एवं अस्पताल के आसपास स्थित इन मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर हटवाए गए। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की गई है।

उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है तथा संबंधित पक्षों को भी निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों और न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों की जांच

बाजपुर। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में बाजपुर पुलिस ने बुधवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज और उनकी स्थापना की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकांश स्थानों पर व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुछ धार्मिक स्थलों पर अधिक ऊंचाई पर लगे लाउडस्पीकर उतरवाकर संबंधित प्रबंधन समितियों की सुपुर्दगी में दे दिए।

साथ ही संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों एवं न्यायालय के आदेशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए।

कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व में जारी निर्देशों के अनुरूप अधिकांश स्थानों पर लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई और व्यवस्था संतोषजनक रही।

उन्होंने बताया कि संबंधित प्रबंधकों को सख्त हिदायत दी गई है कि यदि भविष्य में तेज आवाज या नियमों के उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होती है तो सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा आगे भी समय-समय पर धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर नियमों के पालन की निगरानी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में लाउडस्पीकर के जरिए भी दिया जाएगा मौसम का अलर्ट, CM योगी ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश

यह भी पढ़ें- पंजाब के नवांशहर में लाउडस्पीकर और डीजे पर दो महीने का कड़ा प्रतिबंध, जिलाधीश गुलप्रीत सिंह औलख ने जारी किए आदेश