हरिद्वार से नव्या 2.0 का आगाज, 24 राज्यों के 100 जिलों की युवतियों को मिलेगी ट्रेनिंग
हरिद्वार में नव्या 2.0 योजना का शुभारंभ हुआ, जिसके तहत 24 राज्यों की युवतियों को 16-25 वर्ष की आयु में कौशल प्रशिक्षण मिलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में नव्या 2.0 योजना का शुभारंभ किया।
योजना के दूसरे चरण में देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों की युवतियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
योजना के तहत प्रशिक्षण के लिए पात्रता आयु सीमा 16 से 18 वर्ष के स्थान पर बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। युवतियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप उभरते और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें प्रशिक्षण के बाद रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
क्या है नव्या?
नव्या (युवा महिलाओं और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करना) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है।
इसके माध्यम से युवतियों को नए दौर के रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा। योजना के जिला स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्धारित की जाएगी।
वहीं स्किल इंडिया डिजिटल हब के माध्यम से अभ्यर्थियों के नामांकन से लेकर प्रशिक्षण और प्रमाणन तक की प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता भी बनें।
उन्होंने कहा कि सरकार बालिकाओं के जीवन के प्रत्येक चरण में उनके सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। नव्या 2.0 इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल युवतियों का नामांकन कराना नहीं, बल्कि उन्हें आजीविका से जोड़ना भी है। केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की सफलता का आकलन प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों से होता है।
नव्या 2.0 के माध्यम से विशेषकर पिछड़े और वंचित जिलों की युवतियों को नए करियर विकल्प तलाशने, अप्रेंटिसशिप के जरिए व्यावहारिक अनुभव हासिल करने और अपना उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के पायलट चरण में किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन और सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया था।
अब दूसरे चरण में ऐसे उभरते और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों का दायरा बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पांच नए आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण
हरिद्वार: कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत निर्मित पांच नए आंगनबाड़ी केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाइ) 4.0 के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।