मोहम्मद शमी ने पूर्व पत्नी हसीन जहां के आरोपों को नकारा, विधायक उमेश कुमार के बचाव में बोले- कोई लेना-देना नहीं
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने अपनी पूर्व पत्नी हसीन जहां के आरोपों और विधायक उमेश कुमार पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया।

रुड़की में पत्रकारों से वार्ता करते मोहम्मद शमी एवं साथ में विधायक उमेश कुमार। जागरण
HighLights
शमी ने पूर्व पत्नी हसीन जहां के आरोपों को गलत बताया।
विधायक उमेश कुमार पर लगे आरोपों को भी खारिज किया।
शमी ने उमेश कुमार के साथ क्रिकेट खेला, प्रशंसकों से मिले।
जागरण संवाददाता, रुड़की। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने पूर्व पत्नी हसीन जहां के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। बुधवार को खानपुर विधायक उमेश कुमार के नहर किनारा स्थित कैंप कार्यालय में पहुंचे मोहम्मद शमी ने अपनी पूर्व पत्नी हसीन जहां द्वारा उमेश कुमार पर लगाए गए आरोपों को भी गलत बताया। इस दौरान उन्होंने विधायक उमेश कुमार के साथ क्रिकेट खेला और मौजूदा विवाद को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
मोहम्मद शमी ने कहा कि उनकी पूर्व पत्नी और उनके बीच हुए विवाद में उमेश कुमार की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच चल रहे विवाद से विधायक उमेश कुमार का कोई लेना-देना नहीं है।
वहीं, मोहम्मद शमी के कैंप कार्यालय पहुंचने पर प्रशंसकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने मोहम्मद शमी के साथ सेल्फी ली और उनके साथ फोटो खिंचवाए। इस दौरान शमी ने भी प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया।
इसके बाद मोहम्मद शमी और उमेश कुमार ने कैंप कार्यालय में क्रिकेट खेला। शमी ने उमेश कुमार को गेंदबाजी कराई और दोनों ने काफी देर तक क्रिकेट खेलकर समय बिताया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने क्रिकेट का आनंद लिया और मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए।
उल्लेखनीय है कि शमी और उनकी पूर्व पत्नी के बीच चल रहा विवाद पिछले कुछ समय से चर्चा में है। इसी विवाद में उमेश कुमार का नाम सामने आने के बाद मामला और सुर्खियों में आया था।
यह भी पढ़ें- मोहम्मद शमी की राजनीति में एंट्री की अटकलों के बीच नया मोड़, पत्नी हसीन जहां ने भी किया चुनाव लड़ने का एलान
