यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Haridwar Kumbh Mela 2021: कुंभ मेलाधिकारी दीपक रावत बोले, सड़क निर्माण कार्य 20 तक पूरे किए जाएं
Haridwar Kumbh Mela 2021 कुंभ मेलाधिकारी दीपक रावत ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ कुंभ कार्यों ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Haridwar Kumbh Mela 2021 कुंभ मेलाधिकारी दीपक रावत ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ कुंभ कार्यों की समीक्षा बैठक की। मेलाधिकारी ने अस्थायी निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग डेट लाइन तय करते हुए समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग की ओर से बनाई जा रही सड़कें भी 20 जनवरी तक पूर्ण हो जानी चाहिए।
बैठक में अधिकारियों ने मेला अधिकारी को बताया कि तेजी से सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। 15 जनवरी तक सभी कार्य पूरे कर लेंगे। टेंट से संबंधित कार्य आठ फरवरी तक पूरा कर लेंगे। टिन बैरिकेडिंग का टेंडर हो चुका है। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि जल संयोजन का काम 15 प्रतिशत हो चुका है। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए।
पुलों की रंगाई-पुताई का काम एक सप्ताह में पूरा हो जाना चाहिए। इसके अलावा डाम कोठी की रंगाई व पुताई भी यथाशीघ्र होनी चाहिए। मेलाधिकारी दीपक रावत ने मुख्य नगर आयुक्त जय भारत सिंह से सफाई-व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। बैठक में अपर मेला अधिकारी हरवीर सिंह, श्रीरामजी शरण, उप मेलाधिकारी कृष्ण सिंह नेगी, वित्त नियंत्रक विरेंद्र कुमार, स्वास्थ्य मेलाधिकारी डॉ. एके सेंगर, विशेष कार्याधिकारी, महेश शर्मा, सिंचाई, पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।