विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांवड़ यात्रियों के ट्रैक्टर को लेकर हरिद्वार में बवाल, दो पक्षों में चले लात-घूंसे; कांवड़ भी खंडित

Published: Thu, 24 Jul 2025 07:55 AM (IST)

हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ यात्रियों का पदार्था में ट्रैक्टर को लेकर ग्रामीणों से विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रियों के ट्रैक्टर को लेकर दो पक्षों में चले लात-घूंसे. Concept Photo
कांवड़ यात्रियों के ट्रैक्टर को लेकर दो पक्षों में चले लात-घूंसे. Concept Photo

HighLights

  1. कांवड़ यात्रियों और ग्रामीणों में मारपीट
  2. ट्रैक्टर की किश्त को लेकर विवाद
  3. पुलिस ने शांत कराया मामला

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। गंगा जल लेकर हरिद्वार से लक्सर लौट रहे कांवड़ यात्रियों के एक जत्थे के साथ कुछ ग्रामीणों का विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जमकर लात-घूंसे चले और कांवड़ भी खंडित हो गई।

सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता पहुंच गए और पेट्रोल पंप पर हंगामा खड़ा हो गया। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कराते हुए कांवड़ यात्रियों को ट्रैक्टर के साथ रवाना किया। पुलिस के मुताबिक, लक्सर क्षेत्र के कुछ कांवड़ यात्री बुधवार शाम हरिद्वार से गंगा जल लेकर लौट रहे थे।

पदार्था में पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के दौरान कुछ ग्रामीणों ने ट्रैक्टर पहचान लिया। उनका कहना था कि ट्रैक्टर उन्होंने फाइनेंस पर लिया था। कुछ दिन पहले उन्होंने एक व्यक्ति को ट्रैक्टर बेच दिया था। जिसे लोन की बाकी किश्तें अदा करनी थी।

आरोप है कि उस व्यक्ति ने आगे ट्रैक्टर बेच दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि गंगा जल लेकर जा रहे व्यक्ति लोन की किश्त नहीं चुका रहे हैं। जिससे बैंक वाले उन्हें परेशान कर रहे हैं। इसी बात को लेकर विवाद होते-होते इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और जल खंडित हो गया।

कांवड़ यात्री बजरंग दल से जुड़े होने के चलते उन्होंने अपने नेताओं को सूचना दी। कुछ देर में ही बजरंग दल के स्थानीय नेता भी पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और जल खंडित होने पर आपत्ति जताते हुए हंगामा करने लगे।

पथरी थानाध्यक्ष मनेाज नौटियाल और फेरुपुर चौकी प्रभारी अशोक सिरसवाल ने दोनों पक्षों से पूरे विवाद की जानकारी ली। इसके बाद कांवड़ यात्रियों को समझा-बुझाकर ट्रैक्टर के साथ रवाना किया। दूसरे पक्ष को भी झगड़ा न करने की चेतावनी देते हुए वहां से रवाना किया।