विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर जूना अखाड़े ने स्थगित किए धार्मिक कार्यक्रम

Published: Sat, 21 Nov 2026 05:58 PM (IST)

जूना अखाड़े ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर तीन दिन के लिए अपने सभी धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर श्री पंचदश नाम जूना अखाड़े ने तीन दिन तक देशभर में अपने प्रमुख मठों, मंदिरों और आश्रमों के धार्मिक अनुष्ठान तथा अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।

अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के निर्देश पर इन दिनों दिवंगत सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए शांति पाठ, विशेष पूजा-अर्चना और हवन किया जाएगा। शनिवार को मां माया देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई।

अखाड़े के वरिष्ठ सभापति श्रीमहंत प्रेम गिरि, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, सचिव श्रीमहंत कंचन गिरि, महासचिव श्रीमहंत शैलेंद्र गिरि, महंत रतन पुरी, महंत भीष्म गिरि, प्रमुख पुजारी महंत भास्कर पुरी, महंत विवेक पुरी और हिमालय पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर वीरेंद्र आनंद गिरि महाराज के संयोजन में आनंद भैरव घाट पर नागा संन्यासियों ने मां गंगा की पूजा की। संन्यासियों ने शांति पाठ के साथ दिवंगत माता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

देशभर के आश्रमों में होगी श्रद्धांजलि

अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि केंद्रीय कार्यालय हनुमान घाट वाराणसी समेत काली मंदिर मुरादाबाद, दातार अखाड़ा उज्जैन, नासिक, जूनागढ़, काली मंदिर पिथौरागढ़, खेड़ा मंडी बरेली और अजगैबीनाथ बिहार सहित सभी आश्रमों में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी।

अर्धकुंभ 2027 का नगर प्रवेश भी स्थगित

उन्होंने बताया कि अर्धकुंभ 2027 के विधिवत शुभारंभ के लिए 21 नवंबर को होने वाला अखाड़े के रमता पंचों की जमात का नगर प्रवेश कार्यक्रम टाल दिया गया है। अब रमता पंच 24 नवंबर को नगर प्रवेश करेंगे।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में संपन्न हुआ सीएम योगी की मां का अंतिम संस्कार, देखें पूरे कार्यक्रम की प्रमुख तस्वीरें

यह भी पढ़ें- सीएम योगी की मां को श्रद्धांजलि देने हरिद्वार में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री धामी सहित यूपी-उत्तराखंड के ये VIP रहे मौजूद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।