विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राष्‍ट्र भाषा हिंदी की उन्नति से जुड़ा ये इतिहास अब खंडहर

By Gaurav KalaEdited By:
Published: Wed, 01 Mar 2017 12:56 PM (IST)Updated: Thu, 02 Mar 2017 07:30 AM (IST)

दस बीघे जमीन पर करीब-करीब खंडहर में तब्दील हो चुके तीन भवनों को देख अहसास ही नहीं होता कि यह स्थान राष्ट्र भाषा हिंदी की उन्नति से जुड़ा है।

राष्‍ट्र भाषा हिंदी की उन्नति से जुड़ा ये इतिहास अब खंडहर
राष्‍ट्र भाषा हिंदी की उन्नति से जुड़ा ये इतिहास अब खंडहर

हरिद्वार, [विजय मिश्रा]: हरिद्वार से सटे ज्वालापुर में चहारदीवारी से घिरा एक विशाल अहाता शायद ही कभी किसी का ध्यान खींचता हो। दस बीघे जमीन पर करीब-करीब खंडहर में तब्दील हो चुके तीन भवनों को देख अहसास ही नहीं होता कि यह स्थान राष्ट्र भाषा हिंदी की उन्नति से जुड़ा है।

चारों ओर उगे झाड़-झंखाड़ के बीच एक नर्सरी के साथ ही आम और जामुन के पेड़ों की छांव मानो हिंदी के किसी काम की नहीं है। यह संपत्ति है हिंदी प्रेमी स्वामी सत्यदेव परिव्राजक की। जिसे उन्होंने हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए काशी नागरी प्रचारणी सभा को दान में दिया था।
जर्जर हो चुकी चहारदीवारी पर उकेरे गए दोहे और श्लोक वक्त की गर्द में समा गए हैं। बामुश्किल पढऩे में आता है तो बस इतना की 'निज भाषा उन्नति अहै...'। भीतर प्रवेश करते ही चारों ओर दयनीयता के ही दर्शन होते हैं। चार कमरों के अतिथि भवन में मकड़ी के जाले, उखडा प्लास्टर और पक्षियों के घोंसले सवाल कर रहे हैं कि 'हिंदी की प्रगति के लिए हम कितना आगे बढ़े।'
आठ कमरों के छात्रावास की भी यही हालत है। खंडहरनुमा एक बड़े से हाल में टूटे दरवाजे को पार कर प्रवेश किया तो पता चला कि यह पुस्तकालय है। इसकी दीवारें अब समय का बोझ उठाने में सक्षम नहीं है। टूटी खिडि़कियां, जमींदोज हो चुकी आलमारियों के अवशेष के बीच दीमक लगे कुछ बिखरे पन्नों के दर्शन गवाही दे रहे हैं कि कभी यहां ज्ञान का सागर हिलारें मारता होगा।यहां कहीं बैठने लायक कोई स्थान है तो प्रबंधक का कमरा। तीन कमरों के इस भवन में सिर्फ यही सही हालत में है। 
41 साल से नहीं मिला अनुदान  
काशी नागरी प्रचारणी सभा ने वर्ष 1969 में सर्वजीत मिश्र को यहां प्रबंधक नियुक्त किया था। 82 साल के मिश्र से बात चली तो उनकी मजबूरियां भी सामने आईं। बोले 1975-76 तक तो गतिविधियां होती रहती थीं। तब सभा की ओर से पुस्तकालय के लिए 180 रुपये वार्षिक अनुदान आता था। वर्ष 1976 में अनुदान बंद कर दिया गया।
इसके बाद यहां नियुक्त पांच सहायकों के आगे रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया। सभी दूसरे कामों में लग गए। मिश्र के अनुसार उन्होंने कई बार सभा के पदाधिकारियों के समक्ष समस्या रखी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में उनको भी परिवार के गुजर-बसर की चिंता हुई। वह कहते हैं 'बेबसी में मैंने नर्सरी के लिए किराए पर जमीन दे दी।' वह कहते हैं गुजारे के लिए ही पैसा नहीं था तो इसका रखरखाव कैसे करता। 
कौन थे सत्यदेव परिव्राजक
काशी नागरी प्रचारणी सभा को जमीन दान करने वाले सत्यदेव परिव्राजक को लेकर ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन प्रबंधक सत्यजीत मिश्र के पुत्र पदमाकर मिश्र बताते हैं कि वह लुधियाना के आसपास के रहने वाले थे।
बताते हैं कि वह वर्ष 1911 में देहरादून स्थित डीएवी स्कूल के हेडमास्टर भी रहे। सत्यदेव महान क्रांतिकारी गणेशशंकर विद्यार्थी के निकटतम लोगों में से एक थे। उन्होंने कुछ समय साबरमति आश्रम में भी बिताया। जीवन के संध्या में उन्होंने संन्यास ले लिया। पदमाकर ने बताया कि आजादी के कुछ समय बाद ही हरिद्वार में उनका निधन हुआ। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।