हरिद्वार में पिता के निधन पर बेटे ने किया नेत्रदान, दुख के समय में भी पेश की मानवता की मिसाल
पिता के निधन के दुख में भी हरिद्वार के कारोबारी विकास गर्ग ने अपने पिता वेद प्रकाश गर्ग का नेत्रदान ...और पढ़ें
-1791736924097_m.webp)
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। पिता के निधन के दुख में भी शिवालिकनगर निवासी कारोबारी विकास गर्ग ने मानवता का धर्म निभाया। पिता का नेत्रदान कराकर उन्होंने दो नेत्रहीनों की जिंदगी में रोशनी भरने की राह प्रशस्त की। वी-मार्क इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास गर्ग के पिता वेद प्रकाश गर्ग का रविवार को निधन हो गया था।
इस शोक के बीच भी मानवता और परोपकार को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने पिता का नेत्रदान कराने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने अपने मित्र और दधीचि देहदान समिति के संरक्षक संजीव गुप्ता से संपर्क किया। संजीव गुप्ता ने समिति के अध्यक्ष सुभाष चांदना को सूचना दी।
उन्होंने तत्काल एम्स ऋषिकेश के नेत्रदान विभाग से संपर्क किया। सूचना मिलते ही एम्स से डा. प्रियंका मटोला व उनके सहयोगी पवन शिवालिक नगर पहुंचे और नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई।
समिति के अध्यक्ष सुभाष चांदना ने वेद प्रकाश गर्ग को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विकास गर्ग का यह निर्णय सराहनीय व अनुकरणीय है। अन्य लोगों को भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेत्र या देहदान करने के इच्छुक मोबाइल नंबर 9410326582, 9411111675 पर संपर्क कर सकते हैं।
