झमाझम बारिश ने बदला मौसम का मिजाज़, रुड़की में तापमान 26 डिग्री पर, उमर भरी गर्मी से मिली निजात
रुड़की में वर्षा से तापमान में भारी गिरावट आई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। शहर में 33.3 मिमी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने 22-23 जुलाई को हरिद्वार जिले में भारी वर्षा का अनुमान जताया है। शहर में दिनभर बादल छाए रहे और वर्षा होती रही। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 23 जुलाई तक आंधी-तूफान की आशंका है।

जागरण संवाददाता, रुड़की। शिक्षानगरी में वर्षा से दिन का तापमान एक ही दिन में छह डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। शहर में 33.3 मिमी वर्षा हुई। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हरिद्वार जिले में 22-23 जुलाई को भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को अलसुबह से ही वर्षा शुरू हो गई। दोपहर करीब बारह बजे तक रिमझिम वर्षा होती रही। बीच-बीच में झमाझम वर्षा भी हुई। दिनभर आसमान में बादलों का पहरा होने एवं वर्षा होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
वहीं शहर के दिन के तापमान में गिरावट आ गई। रविवार की तुलना में सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जोकि सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड हुआ।
उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले में 23 जुलाई तक आसमान में बादल छाये रहने और आंधी-तूफान आने का अनुमान है। जबकि मंगलवार एवं बुधवार को भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।