Haridwar: किराएदार दंपती के कमरे से मिला भिखारी महिला का शव, हत्या की आशंका; कमरा खाली करने पर हुआ था संदेह
लंढौरा कस्बे में किराए पर रहने वाला दंपती कमरे में भिखारी का शव एक बोरे में छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दंपती आनन फानन में एक लोडर में सामान लादकर फरार हुए थे। इस तरह किरायेदारों के जाने से लोगों को शक हुआ जिसके बाद मकान के अंदर जाने पर शव बोरे से बरामद हुआ। पुलिस दंपती की तलाश कर रही है।

हरिद्वार, जागरण टीम: लंढौरा कस्बे में किराए पर रहने वाला दंपती कमरे में भिखारी का शव एक बोरे में छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दंपती आनन फानन में एक लोडर में सामान लादकर फरार हुए थे। इस तरह किरायेदारों के जाने से लोगों को शक हुआ, जिसके बाद मकान के अंदर जाने पर शव बोरे से बरामद हुआ। पुलिस दंपती की तलाश कर रही है।
लंढौरा कस्बे में राजमहल के पास यूपी के बरेली जिले के आंवला के रहने वाले धारा सिंह ने ने करीब पांच माह पहले किराये पर कमरा लिया था। धारा सिंह अपनी पत्नी के साथ यहां पर रहने के लिए आया था। धारा सिंह सब्जी का ठेला लगाता था। गुरुवार सुबह उसने एक लोडर मंगाया।
लोडर में पति-पत्नी ने घर का सारा सामान लाद लिया। इसी दौरान आसपास की कुछ महिलाएं मौके पहुंची और उन्हें एकाएक कमरा छोड़कर जाने पर शक हुआ। महिलाओं ने पूछताछ शुरू की। इसी बीच लोडर में सामान लादकर धारा सिंह पत्नी समेत वहां से चला गया। उसके फरार होने पर महिलाओं ने अपने घर जाकर मामले की जानकारी दी, जिसके बाद किसी अनहोनी आशंका के चलते लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
अर्धनग्न हालत में मिला महिला का शव
पुलिस ने खाली मकान में जाकर देखा तो वहां पर एक बोरा रखा हुआ था। पुलिस ने बोरा खोलकर देखा तो उसके अंदर एक महिला (50) का शव अर्धनग्न हालत में मिला, जिसके मुंह और नाक से खून बह रहा था। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव करीब एक दिन पुराना लग रहा था। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक के शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए तो पता चला कि शव एक भिखारी का है। महिला को पहले भी किरायेदार के यहां देखा गया है।
सीओ बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार दंपती का पता लगाया जा रहा है। साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह पता चलेगी। पुलिस लोडर को चिह्नित कर आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
भीख की रकम के लिए तो नहीं की गई हत्या
जिस महिला का शव कमरे के अंदर से बरामद हुआ है। वह महिला काफी समय से भीख मांग रही थी। महिला कई बार दंपती के यहां पर देखी गई है। आशंका जताई जा रही है कि दंपती कहीं महिला से भीख तो नहीं मंगवाता था। भीख में जुटाई गई रकम के लिए तो कहीं महिला की हत्या नहीं की गई। इस तरह के कई सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।
महिला के साथ किशोरी भी कई बार देखी गई
महिला का शव बरामद होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि महिला के साथ एक किशोरी भी धारा सिंह के मकान में देखी गई है, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल रहा है। हालांकि, पुलिस अभी किशोरी के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर रही है।
मकान मालिक ने कराया था सत्यापन
महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि मकान मालिक ने किरायेदार का सत्यापन कराया था। पुलिस ने मकान मालिक से ही धारा सिंह का पूरा नाम पता लिया। अब पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।