मुठभेड़ से फरार हुए चेन स्नेचर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से की थी लूट
रुड़की में गंगनहर पटरी पर महिला से चेन लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी मुठभेड़ के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने उसके पास से लूटी हुई चेन और बाइक बरामद की है। उसका साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। रितिक नाम का यह बदमाश नाई का काम करता है और पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।

जागरण संवाददाता, रुड़की । रुड़की में गंगनहर पटरी पर मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से चेन लूटने और पुलिस मुठभेड़ से फरार होने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के पास से चेन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। जबकि इसके साथी को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया था।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी एक महिला 27 अगस्त की सुबह गंगनहर पटरी पर पीरबाबा कालोनी के पास मॉर्निंग वॉक पर गई थी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से चेन लूट ली थी। चेन लूटने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गये थे। पुलिस ने महिला की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज किया था।
बदमाशों की तलाश कर रही थी पुलिस
इसके बाद से पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। सिविललाइंस कोतवाली पुलिस की टीम 29 अगस्त को सूचना मिली थी कि बाइक सवारों ने देर रात को मोबाइल छीनने का प्रयास किया है। इसके बाद पुलिस ने गंगनहर पटरी पर सोलानी पार्क के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। पुलिस ने काले रंग की बाइक सवार को रोकने के लिए कहा। जिस पर बदमाशों ने गोली चला दी थी।
जवाबी कार्रवाई में बादल निवासी देवबंद को पांव में गोली लगी थी। इसी दौरान उसका दूसरा साथी फरार हो गया था। पुलिस ने बादल को गिरफ्तार किया था। उसने बताया था मुठभेड़ के दौरान भागने वाला साथी रितिक निवासी सहारनपुर हाल निवासी तेलीवाला था। महिला से चेन लूट की घटना में भी रितिक के शामिल होने की बात कही थी।
सिविललाइंस कोतवाली पुलिस को रविवार की देर शाम सूचना मिली कि रितिक सोलानी पार्क के पास देखा गया है। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबाेचा। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई चेन और धटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपित के पास से मुठभेड में पुलिस पर फायर करने वाले तमंचे को भी बरामद किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
नाई की दुकान चलाता है आरोपित
महिला से चेन लूट और मुठभेड़ के दौरान फरार होने वाला रितिक नाई की दुकान चलता है। मुठभेड़ के दौरान फरार होने के बाद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपित नाई की दुकान चलाता था।
बादल के पिता सब्जी का ठेला लगाते थे। बादल भी कई बार ठेले पर बैठता था। इसी दौरान उसकी बादल से मुलाकात हुई थी। पुलिस इनका अपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
केके शर्मा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।