Haridwar Stampede Photos: रविवार का दिन... देवी के दर्शन की चाह लेकर पहुंचे मंदिर; अचानक मची भगदड़ और गिरते गए लोग
Haridwar Stampede देहरादून में मनसा देवी मंदिर में रविवार को भगदड़ मचने से छह लोगों की मौत हो गई जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया है। मनसा देवी मंदिर से 100 मीटर पहले सीढ़ी मार्ग पर यह घटना हुई। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

ऑनलाइन डेस्क, देहरादून। Haridwar Stampede: संडे का दिन था। लोग देवी के आशीर्वाद को मंदिर में सैंकड़ों भक्त पहुंचे थे, लेकिन अचानक कुछ ऐसा हुआ कि भगदड़ मच गई और लोग गिरते गए। घटना में अभी तक छह लोगों की मौत हाे चुकी है। इसमें एक बच्चा भी शामिल है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। वहीं घटना से पूरे उत्तराखंड में शोक व्याप्त है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर दुख जताया है।
सीएम धामी ने ने कहा 'हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।'
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह मनसा देवी मंदिर से 100 मीटर पहले सीढ़ी मार्ग पर यह घटना हुई है। बिजली का तार टूटने की अफवाह के बाद भगदड़ मची। मंदिर से लौटे श्रद्धालुओं ने बताया कि रविवार के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर भर गया था।
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ जमा होने के बाद मची भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई।
मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं से खाली कर लिया गया है। कई श्रद्धालुओं को अचेत हालत में जिला अस्पताल लाया गया है।
मृतकों में शांति देवी (60), रामभरोसे (65), आरुष (8) निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश, विपिन पुत्र रघुवीर निवासी काशीपुर उत्तराखंड, विक्की पुत्र टीकाराम बिलासपुर, रामपुर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। चार घायल वेंटिलेटर पर हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
हरिद्वार के मेला अस्पताल में भर्ती बद्दी हिमाचल प्रदेश की रीना देवी दास, फरीदाबाद के कुलदीप कुमार प्रजापति उनकी पत्नी आरती, भाई जितेंद्र और साली गायत्री देवी ने बताया कि घटना पैदल मार्ग पर चढ़ने और उतरने वालों की भीड़ अनियंत्रित होने की वजह से हुई।
उन्होंने बताया कि लोग धक्का मुक्की करते एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।