यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Haridwar Kumbh Mela 2021: पीएम नरेंद्र मोदी को हरिद्वार कुंभ में आमंत्रित करने की तैयारी
Haridwar Kumbh Mela 2021 प्रधानमंत्री मोदी को हरिद्वार कुंभ में बुलाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों की मानें तो ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Haridwar Kumbh Mela 2021 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरिद्वार कुंभ में बुलाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से मिले संकेत के बाद इसे लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। हालांकि कुंभ मेला अधिष्ठान की ओर से इसकी अधिकारिक पुष्टि करने को कोई तैयार नहीं। वहीं, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरिद्वार आने का निमंत्रण पहले ही दे चुका है। परिषद का कहना है कि प्रधानमंत्री के हरिद्वार आगमन पर परिषद उनका भव्य स्वागत करेगी। 12 से 15 अप्रैल या फिर 21-22 अप्रैल की तिथि को प्रधानमंत्री के कुंभ के दौरान हरिद्वार आगमन के लिए मुफीद माना जा रहा है।
कुंभ मेला अधिष्ठान के सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री के आने की संभावनाओं के मद्देनजर कुंभ के लिए नीलधारा गंगा किनारे बनाए जा रहे मीडिया सेंटर की व्यवस्थाओं को उस अनुरुप तैयार किया जा रहा है। ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कोई कार्यक्रम का आयोजन करना पड़ा तो कोई व्यवहारिक दिक्कत पेश न आए। मीडिया सेंटर के आसपास तैयार किए जा रहे स्विस कॉटेज आदि का निर्माण भी सुरक्षा आवश्यकताओं व व्यवस्थाओं के मद्देनजर कराया जा रहा है।
कुंभ मेलाधिकारी दीपक रावत ने बताया उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुंभ के दौरान हरिद्वार आने के कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं। शासन स्तर से कोई पहल हो रही हो तो इसकी भी उन्हें कोई जानकारी नहीं। मीडिया सेंटर को कुंभ के दौरान विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों का मीडिया से साक्षात्कार सहित अन्य विशिष्ट कार्यक्रम होने की संभावनाओं के मद्देनजर तैयार किया जा रहा है।
उधर, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि का कहना है कि परिषद पहले ही राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षामंत्री को कुंभ में आने का निमंत्रण दे चुकी है। ऐसे में अगर राज्य सरकार की ओर से भी इस किस्म की पहल की जा रही है कि तो अखाड़ा परिषद इसका स्वागत करता है।
