डिलीवरी के लिए अस्पताल पहुंची महिला को लौटाया, खून देख श्रद्धालुओं ने शॉल से ढका... गंगा किनारे दिया बेटी को जन्म
हरिद्वार में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को अस्पताल ने कथित तौर पर भर्ती करने से मना कर दिया, जिसके बाद उसने गंगा किनारे सुभाष घाट पर एक बच्ची को जन्म दिया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार । धर्मनगरी में शनिवार रात प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची एक महिला को वहां के स्टाफ ने भर्ती करने के बजाय लौटा दिया।
इसके बाद महिला ने गंगा किनारे सुभाष घाट पर बिना किसी चिकित्सा सहायता के बच्ची को जन्म दिया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने पुलिस की मदद से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।
गंगा घाट के पास रहने वाली महिला भीख मांगकर जीवन यापन करती है। शनिवार रात प्रसव पीड़ा होने पर महिला अस्पताल पहुंची। आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने उसे पति को साथ लाने की बात कहकर लौटा दिया। इसके बाद महिला ने सुभाष घाट के किनारे खुले आसमान में एक बच्ची को जन्म दिया।
आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के तरीके पर बड़ा सवाल
घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने महिला को खून से लथपथ देखा तो मदद के लिए आगे आए। एक महिला श्रद्धालु ने अपने शॉल से उसे ढका, जबकि अन्य ने एंबुलेंस को बुलाकर सूचना दी। हरकी पैड़ी चौकी पर तैनात कांस्टेबल मान सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
चिकित्सकों के मुताबिक मां और नवजात बच्ची दोनों की हालत स्थिर है। इस घटना ने गरीब और बेसहारा लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिलने के तरीके पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।