उत्तराखंड में अब गर्भवती के साथी को मिलेंगे 600 रुपये, सरकारी अस्पतालों में प्रसव को मिलेगा बढ़ावा
उत्तराखंड में सरकारी अस्पतालों में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की देखभाल के लिए 48 घंटे रुकने वाले नामित साथी को अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा 600 का प्रोत्साहन मिलेगा।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अश्वनी त्रिपाठी, जागरण, देहरादून। सरकारी अस्पताल में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की देखभाल के लिए 48 घंटे तक रुकने वाले नामित साथी काे भी अब प्राेत्साहन राशि मिलेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (उत्तराखंड) ने गर्भवती महिला के साथ रहने वाले एक नामित साथी के लिए 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दो दिन के लिए कुल 600 रुपये की सहायता का प्रविधान किया है।
इसका भुगतान सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए बजट भी स्वीकृत कर दिया गया है। इस प्रोत्साहन राशि का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें भी तय की गई हैं।
पहली शर्त यह है कि प्रसव उत्तराखंड के किसी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में होना चाहिए। दूसरा, प्रसव के बाद महिला को अस्पताल में अनिवार्य रूप से 48 घंटे रुकना होगा। तीसरा, महिला के साथ रहने वाले एक नामित साथी को ही यह राशि दी जाएगी।
दरअसल, पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं के साथ अक्सर परिवार का सदस्य भी अस्पताल में रुकता है। इस दौरान उसकी मजदूरी छूटने के साथ ही भोजन व अन्य जरूरतों पर भी खर्च होता है।
आर्थिक कारणों से कई बार स्वजन महिला को प्रसव के बाद जल्दी घर ले जाने का दबाव बनाते हैं। ऐसे में साथी को आर्थिक प्रोत्साहन देने का उद्देश्य महिला को अस्पताल में निर्धारित अवधि तक रोकना और प्रसव के बाद मां तथा नवजात की निगरानी सुनिश्चित करना है।
सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव महज 49.9 प्रतिशत
उत्तराखंड में 1.48 लाख संस्थागत प्रसव के बावजूद सरकारी अस्पतालों में प्रसव का अनुपात 49.9 प्रतिशत ही है। कुल प्रसव में संस्थागत प्रसव करीब 85 प्रतिशत हैं। यानी संस्थागत प्रसव का दायरा बढ़ा है, लेकिन सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव कराने का रुझान अब भी कम है।
ऐसे में प्रसव के बाद 48 घंटे रुकने पर साथी को 600 रुपये देने की एनएचएम की पहल को सरकारी अस्पतालों में प्रसव को प्रोत्साहित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
--------------------
“संस्थागत प्रसव बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। प्रसव के बाद अस्पताल में रुकने वाले साथी को आर्थिक सहायता देने की पहल से जच्चा-बच्चा की बेहतर देखभाल सुनिश्चित होगी और सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन मिलेगा।”
सुबोध उनियाल, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी दुष्कर्म कांड पर पहाड़ में आक्रोश, धामी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 70 अल्पसंख्यक स्कूलों को मिलेगी सरकारी मान्यता, धामी सरकार ने बनाई योजना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।