हरिद्वार में मासूम से दरिंदगी पर जन आक्रोश, लोग बोले, आरोपी को मिले फांसी की सजा
हरिद्वार में एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले 18 वर्षीय आरोपी सौरभ के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है और वे फांसी की मांग कर रहे हैं।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कोई मासूम अगर किसी अजनबी की गोद में भी हो तो आस-पास मौजूद अंजान लोगों को भी दुलार आने लगता है। कई बार लोग बच्चे को हंसाने की कोशिश करते हैं। मासूमों के साथ ममता भरा ये जुड़ाव और खिंचाव स्वभाविक होता है।
लेकिन, 18 साल का सौरभ पिछले 15 दिन से जिस परिवार के साथ रहता आ रहा था और जिस मासूम को गोद में खिला रहा था, उसे ही हैवानियत का शिकार बना डाला। यह वाकई घिनौना अपराध है और इंसानियत को शर्मसार करने वाला है।
बच्ची के स्वजनों ने बताया कि बेटी के साथ वह अक्सर खेलता था और रोजाना अपने आस-पास देखने पर मासूम भी उसे पहचानने लगी थी। घटना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी लोग आक्रोशित दिखे। हर कोई फांसी की मांग करता नजर आया। जबकि कुछ लोगों का कहना था कि ऐसे दरिंदे के लिए फांसी की सजा भी कम है।
जल्द लगेगी चार्जशीट, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई
मामला संवेदनशील होने के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ज्यादा से ज्यादा साक्ष्य जुटाते हुए आरोपित के खिलाफ जल्द चार्जशीट दाखिल करेगी। केस की सुनवाई भी फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी। ताकि जल्द से जल्द फैसला आने पर बच्ची को न्याय मिल सके।
मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक अनिता शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपित को दबोचने के लिए भी जबरदस्त घेराबंदी की। इसलिए फरार होने से पहले उसे दबोच लिया गया। आरोपित मूलरूप से बिहार का निवासी है और पूर्व में अलग-अलग राज्यों में काम कर चुका है।
इसलिए वह भागने में कामयाब हो जाता तो पकड़ने में कई राज्यों की खाक छाननी पड़ सकती थी। टीम में शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा, एसएसआई नंद किशोर गवाड़ी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, अनिता शर्मा, खेमेंद्र गंगवार, नवीन नेगी व हेड कांस्टेबल संजीव राणा शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।