विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में भाजपा की 2027 चुनाव की रणनीति, 238 शक्ति केंद्रों पर आयोजित हो रहे सम्मेलन

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:35 PM (GMT+05:30)

भाजपा ने हरिद्वार में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है, जिसमें 238 शक्ति केंद्रों पर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

शैलेंद्र गोदियाल, जागरण हरिद्वार। विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने में अभी वक्त है, लेकिन भाजपा ने सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी की नजर अब सिर्फ अपने परंपरागत कार्यकर्ता और बूथ कमेटियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन चेहरों तक भी पहुंचने की है, जिनकी समाज में पकड़ है और जिनकी बात मतदाताओं पर असर डालती है।

इसी रणनीति के तहत हरिद्वार के पांच विधानसभा क्षेत्रों में 238 शक्ति केंद्रों पर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। जबकि प्रतिद्वंदी कांग्रेस के नेता व कार्यकर्त्ता सरकार के कथित भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर सड़क पर आंदोलन कर भाजपा को घेर रही है।

हरिद्वार शहर, हरिद्वार ग्रामीण, रानीपुर, ज्वालापुर और लक्सर विधानसभा क्षेत्रों में 11 नवंबर से शुरू हुए शक्ति केंद्र सम्मेलन 16 नवंबर तक पूरे करने का लक्ष्य है। खास बात यह है कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले सभी सम्मेलन संपन्न कराने की तैयारी है।

इन सम्मेलनों में बूथ समिति के सदस्यों, युवा और महिला प्रमुखों के साथ ऐसे लोगों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, जिनकी स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली भूमिका है।

इनमें प्रमुख मतदाता, मंदिर समितियों के पदाधिकारी, व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, रामलीला समितियों के अध्यक्ष और मस्जिदों के मौलवी तक शामिल हैं। यानी भाजपा की कोशिश संगठन के दायरे को समाज के प्रभावशाली वर्गों तक विस्तार देने की है।

मोर्चों को भी सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी

शक्ति केंद्र सम्मेलनों के साथ पार्टी ने समानांतर मोर्चाबंदी भी तेज कर दी है। विधानसभा स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलन और लोक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

युवा मोर्चा ने प्रत्येक बूथ पर 20 युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है, जबकि ओबीसी मोर्चा हर बूथ पर पांच सदस्यीय टीम तैयार कर रहा है। महिला मोर्चा भी महिलाओं को संगठन से जोड़ने के अभियान में जुटा है।

मकसद साफ है, चुनाव से पहले संगठन की जड़ें मजबूत करना और बूथ स्तर पर ऐसा नेटवर्क तैयार करना, जो मतदाता तक पार्टी का संदेश पहुंचा सके। पार्टी चुनाव को ध्यान में रखकर संगठनात्मक तैयारियों को लगातार धार दे रही है। शक्ति केंद्र सम्मेलन इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मजबूत बूथ और सक्रिय कार्यकर्त्ता ही चुनावी सफलता का आधार हैं।

आशुतोष शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा हरिद्वार

यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ 2027 में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर अधूरा हाथी गलियारा बनेगा जाम का जंजाल

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में बनेगी भाजपा की चुनावी रणनीति, नितिन नवीन की मौजूदगी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होगा मंथन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।