विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्धकुंभ 2027 में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर अधूरा हाथी गलियारा बनेगा जाम का जंजाल

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:28 PM (IST)

हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथी गलियारे का अधूरा निर्माण 2027 के अर्धकुंभ में यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राधाबल्लव शर्मा, जागरण श्यामपुर। अर्धकुंभ में गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को हरिद्वार पहुंचने से पहले ही जाम से जूझना पड़ सकता है। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथी गलियारे (एलिफेंट कारिडोर) का अधूरा निर्माण मेले की यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

चिड़ियापुर से रसियाबड़ और बाहर पीली तक कई स्थानों पर सड़क की संकरी स्थिति और करीब डेढ़ से दो किलोमीटर हिस्से में एकल मार्ग से दोनों ओर के वाहनों का संचालन परेशानी बढ़ा रहा है। आम दिनों में ही यहां जाम लग जाता है। ऐसे में अर्धकुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों पर यातायात का दबाव बढ़ने से हालात और बिगड़ने की आशंका है।

वर्ष 2027 में हरिद्वार में अर्धकुंभ का आयोजन होना है। इसके लिए मेला प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक तैयारियां तेज हैं। शहर में विभिन्न निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है, लेकिन हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथी गलियारे का अधूरा निर्माण इन तैयारियों के बीच सवाल खड़े कर रहा है।

चिड़ियापुर से लाहड़पुर तक हाईवे का हिस्सा काफी संकरा है। वहीं, रसियाबड़ तिराहे से बाहर पीली पुल के समीप तक करीब डेढ़ से दो किलोमीटर हिस्से में एकल मार्ग से दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही हो रही है।

इससे यातायात की रफ्तार प्रभावित होती है और बार-बार जाम की स्थिति बनती है। दीपावली और भाई दूज पर भी इस मार्ग पर कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगीं। वर्ष 2021 के कुंभ में कोरोना संक्रमण के चलते अपेक्षाकृत कम श्रद्धालु पहुंचे थे और कई प्रतिबंध भी लागू थे।

इसके विपरीत अर्धकुंभ 2027 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर, नजीबाबाद और आसपास के जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह प्रमुख मार्ग है।

ऐसे में अधूरा निर्माण स्नान पर्वों के दौरान यातायात संचालन में बाधा बन सकता है। मेला प्रशासन, मेला पुलिस और श्यामपुर पुलिस को अभी से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और जाम से निपटने की रणनीति तैयार करनी होगी।

हाथियों के हमलों से भी बढ़ी चिंता

हाथी गलियारे का अधूरा निर्माण केवल यातायात तक सीमित समस्या नहीं है। इस मार्ग पर हाथियों की आवाजाही और उनके हमलों से राहगीरों की सुरक्षा भी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। इस वर्ष यहां हाथियों के हमलों की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं।

15 अप्रैल को लाहड़पुर में हाथी ने एक किसान के ट्रैक्टर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। किसान ने किसी तरह अपनी जान बचाई। 30 जुलाई को हाथी के हमले में एक वन गुर्जर की मौत हो गई। पांच अक्टूबर को बाहर पीली के समीप हाथी ने हाईवे पर एक थार वाहन को पलटने का प्रयास किया।

आठ अक्टूबर को खेत में काम कर रहे 52 वर्षीय सतपाल को हाथी ने पटक-पटककर मार डाला। वहीं, 17 अक्टूबर को गैंडीखाता से कांगड़ी लौट रहे राणा गैस एजेंसी के कर्मचारी की गाड़ी पर हाथी ने हाथी गलियारे में ही हमला कर दिया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई।

स्थानीय लोगों की जुबानी, अधूरे निर्माण की परेशानी

हाथी गलियारे का निर्माण काफी पहले शुरू हुआ था और इसे अब तक पूरा हो जाना चाहिए था। कार्यदायी संस्था की सुस्ती और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की जवाबदेही में कमी का खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।

नवीन राणा, निवासी श्यामपुर

इस मार्ग पर आए दिन हाथियों की आवाजाही और जाम की समस्या बनी रहती है। अर्धकुंभ नजदीक है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्माण जल्द पूरा कराना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।

इकबाल निवासी श्यामपुर

गैंडीखाता-लालढांग क्षेत्र के कई छात्र-छात्राएं श्यामपुर के निजी स्कूलों में पढ़ने आते हैं, जबकि श्यामपुर के बच्चे भी गैंडीखाता के स्कूलों में जाते हैं। गलियारे का काम अधूरा होने से हाथियों की आवाजाही का खतरा बना रहता है। ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है।

कर्मजीत सिंह खैरा निवासी गैंडीखाता

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में बनेगी भाजपा की चुनावी रणनीति, नितिन नवीन की मौजूदगी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होगा मंथन

यह भी पढ़ें- Sahara India: हरिद्वार-काशीपुर की संपत्ति बिक्री की जांच कर रहा SEBI, RTI में ब्योरा देने से किया इनकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।