विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे लोग, डेढ़ माह में 1500 आवेदन लंबित

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:00 PM (IST)

हरिद्वार नगर निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में डेढ़ माह से अधिक का बैकलॉग हो गया है, जिससे करीब 1500 आवेदन लंबित हैं। 

फाइल फोटो

फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

शैलेंद्र गोदियाल, जागरण हरिद्वार। नगर निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया सेवा का अधिकार से बाहर अब आवेदकों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने की मजबूरी बन गया है।

किसी को बच्चे के स्कूल में दाखिले के लिए जन्म प्रमाण पत्र का इंतजार है तो कोई परिजन की मृत्यु के बाद बैंक, बीमा और पेंशन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए प्रमाण पत्र की बाट जोह रहा है।

हालात यह हैं कि करीब डेढ़ माह से आवेदन लंबित हैं और करीब 1500 लोग निगम की सुस्ती के बीच फंसे हैं। विडंबना ये है कि समस्या से निपटने के बजाय अब प्रमाण पत्र बनाने वाले चार कर्मचारियों में से तीन की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई है। ऐसे में पहले से लड़खड़ा रही व्यवस्था के और बेपटरी होने की आशंका बन गई है।

गुरुवार को दैनिक जागरण की टीम ने नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यालय पहुंची तो अव्यवस्था की कई परतें सामने आईं। कार्यालय में मौजूद कर्मचारी ने बताया कि नियमानुसार प्रमाण पत्र 10 से 15 दिन के भीतर जारी हो जाने चाहिए, परंतु पोर्टल के संचालन में बार-बार दिक्कत आ रही हैं।

हाल ही में पोर्टल करीब एक सप्ताह तक बंद रहा। ऐसी स्थिति पहले भी कई बार पैदा हो चुकी है। नगर निगम में प्रतिदिन जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, आफलाइन प्रमाण पत्र आनलाइन कराने और संशोधन संबंधित करीब 40 आवेदन पहुंचते हैं।

इसके बावजूद लंबित आवेदनों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है और बैकलाग बढ़ता जा रहा है। आवेदक कई-कई बार कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें नई तारीख या नई जानकारी देकर लौटा दिया जाता है। नतीजतन, लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है।

कार्यालय में आवेदकों और कर्मचारियों के बीच आए दिन बहस की नौबत भी आने लगी है। पार्षदों ने भी इस मामले में उच्च अधिकारियों सें शिकायत की है। परंतु उसके के बाद भी सुधार नहीं हुआ है।

ज्वालापुर निवासी सुनील रावत ने कहा कि भाई नरेंद्र सिंह रावत की मृत्यु के बाद छह अक्टूबर को आवेदन किया था, लेकिन डेढ़ महीने से अधिक समय बीतने पर भी प्रमाण पत्र नहीं मिला। कई बार निगम के चक्कर लगा दिए हैं।

15 जुलाई 2026 को बेटे का जन्म प्रमाण पत्र आनलाइन कराने के लिए आवेदन किया था, कई बार फोन भी किया, लेकिन अभी तक आनलाइन नहीं हुआ है। उन्हें अल्मोड़ा से आना पड़ा। उसके बाद भी संतोषजन जवाब नहीं मिला।

जावेद अली, निवासी अल्मोड़ा

समधिन का निधन हुआ तो मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। लेकिन निगम वाले कभी सूचना देने वाले का आधार कार्ड मांग रहे हैं तो कभी शपथ पत्र देने वाले का।कभी आधार कार्ड तो कभी दूसरा कागज मांगा जा रहा है, नौ बार चक्कर लगाने के बाद भी यह समझ नहीं आया कि निगम को आखिर कौन-से दस्तावेज चाहिए। निगम के कर्मचारी सही तरीके से बात करने को तैयार नहीं हैं।

विजेंद्र हर्ष निवासी हरिद्वार

बेटे का जन्म प्रमाण पत्र आनलाइन कराने के लिए पांच बार आ चुका हूं, स्कूल में जमा करना है लेकिन हर बार कल आने को कह दिया जाता है। निगम में कैसा काम हो रहा है पता नहीं। जन्म प्रमाण पत्र की देरी से बेटे के दाखिले की चिंता बढ़ गई है

डिंपल निवासी शिवमूर्ति

नाना रेलवे में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया। नाना का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री के निजी सचिव से फोन करवाने के बाद भी मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन पाया। एक माह बाद का समय दे रहे हैं।

सौरभ सैनी, निवासी मुरादाबाद

मां के निधन के बाद 23 अक्टूबर को आवेदन किया था, कई बार चक्कर लगाने के बावजूद कोई अधिकारी संतोषजनक जवाब देने को तैयार नहीं है। कर्मचारी केवल आवेदकों को गुमराह कर रहे हैं।

ठाकुर मनोज कुमार निवासी हरिद्वार

यह भी पढ़ें- हरिद्वार जिले में बड़ा फेरबदल, आधी रात में 13 इंस्पेक्टर समेत 94 पुलिसकर्मी इधर से उधर

यह भी पढ़ें- यात्रियों को होगी परेशानी! डेढ़ माह बाद हरिद्वार में अर्धकुंभ, लेकिन उत्तराखंड रोडवेज के पास बसें नहीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।