विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्धकुंभ में हरिद्वार की सफाई व्यवस्था होगी चाक चौबंद, 10 हजार क्यूआर कोड करेंगे ऑनलाइन निगरानी

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:58 PM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2026 01:01 PM (IST)

हरिद्वार नगर निगम अर्धकुंभ मेले में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तकनीक का सहारा लेगा। 10,000 क्यूआर कोड के जरिए सफाई कार्यों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ में शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और कूड़ा उठान से लेकर सफाई कार्यों की निगरानी तक के लिए नगर निगम तकनीक का सहारा लेगा।

इसके लिए नगर निगम ने सफाई निगरानी प्रणाली विकसित करने और संचालित करने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इस व्यवस्था में वेब पोर्टल और मोबाइल एप के साथ जियो टैगिंग और वाहनों की ट्रैकिंग की सुविधा भी शामिल होगी। इसके माध्यम से सफाई कार्यों की निगरानी एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर की जा सकेगी।

क्यूआर कोड और मोबाइल एप के जरिये निगरानी

नगर निगम की इस योजना का उद्देश्य अर्धकुंभ मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को केवल कर्मचारियों की रिपोर्ट तक सीमित रखने के बजाय उसकी वास्तविक स्थिति पर नजर रखना है। मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से कूड़े की मात्रा बढ़ेगी। ऐसे में सफाई कर्मचारियों, कूड़ा उठाने वाले वाहनों और सफाई से जुड़ी शिकायतों की निगरानी के लिए एक व्यवस्थित प्रणाली की जरूरत होगी।

प्रयागराज महाकुंभ में क्यूआर कोड और मोबाइल एप के जरिये शौचालयों की सफाई की निगरानी की गई थी। अब हरिद्वार नगर निगम भी अर्धकुंभ में इसी तरह की तकनीक अपनाने जा रहा है। हालांकि, हरिद्वार के टेंडर में इसका दायरा शौचालयों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें सफाई निगरानी के साथ वाहनों की ट्रैकिंग और डिजिटल प्लेटफार्म के संचालन का भी प्रविधान है।

10 हजार क्यूआर कोड से होगी निगरानी

सफाई व्यवस्था से जुड़े संसाधनों और कार्यों की निगरानी के लिए 10 हजार वाटरप्रूफ क्यूआर कोड तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक क्यूआर कोड की अपनी अलग पहचान होगी। इन्हें संबंधित संसाधनों से जोड़कर डिजिटल व्यवस्था में दर्ज किया जाएगा।

इससे सफाई व्यवस्था से जुड़े संसाधनों की पहचान और उनकी निगरानी करना आसान होगा। इस प्रणाली में वेब पोर्टल और मोबाइल एप दोनों बनाए जाएंगे। जियो टैगिंग के जरिए किसी स्थान या संसाधन की लोकेशन दर्ज की जाएगी।

वहीं, वाहनों की ट्रैकिंग से कूड़ा उठाने वाले वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इससे यह पता लगाने में आसानी होगी कि वाहन निर्धारित क्षेत्र में पहुंचा या नहीं और सफाई से जुड़ा कार्य कहां तक हुआ।

क्यूआर कोड स्कैन कर कोई भी मोबाइल एप में बता सकेगा कि शौचालय साफ है या गंदा, पानी उपलब्ध है या नहीं और दरवाजे जैसी सुविधाएं ठीक हैं या नहीं, किस क्षेत्र में कूड़ा नहीं उठा है। यह जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी। गंदगी मिलने पर संबंधित सफाई एजेंसी को सूचना भेजी जाएगी।

शिकायतों की सूचना एसएमएस और व्हाट्सएप से

सफाई निगरानी प्रणाली में लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने के लिए भी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल होगा। चार महीने के लिए बल्क एसएमएस भेजने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा ईमेल सुविधा और व्हाट्सएप इंटीग्रेशन भी किया जाएगा।

व्हाट्सएप के माध्यम से प्रतिमाह 10 हजार संदेश भेजने की व्यवस्था रखी गई है। इसका फायदा यह होगा कि सफाई व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं और शिकायतों की जानकारी संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों तक तेजी से पहुंचाई जा सकेगी।

उदाहरण के तौर पर किसी क्षेत्र में कूड़ा नहीं उठने, सफाई नहीं होने या किसी अन्य समस्या की सूचना मिलने पर संबंधित टीम तक जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्धकुंभ के श्रद्धालुओं का डिजिटल साथी तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी घाटों-पार्किंग और रूट की जानकारी

यह भी पढ़ें- कूड़े के ढेर पर बसेगा हरिद्वार अर्धकुंभ मेला क्षेत्र, जेसीबी से कचरा फैलाकर समतल की जा रही जमीन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।