विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार अर्धकुंभ के श्रद्धालुओं का डिजिटल साथी तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी घाटों-पार्किंग और रूट की जानकारी

Published: Wed, 18 Nov 2026 02:11 PM (IST)Updated: Wed, 18 Nov 2026 02:19 PM (IST)

अर्धकुंभ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए एक मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है।

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

गौरव त्यागी, हरिद्वार। अर्धकुंभ में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेला प्रशासन तकनीक का इस्तेमाल करेगा। इसके तहत मोबाइल एप तैयार कराया जाएगा।

इस एप के माध्यम से श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र के प्रमुख घाटों, स्नान स्थलों, पार्किंग, आवागमन के रास्तों, ठहरने की व्यवस्था और जरूरी सुविधाओं की जानकारी एक ही जगह पर मिल सकेगी।

साथ ही, मेले से जुड़ी सूचनाएं और जरूरी अलर्ट भी मोबाइल पर उपलब्ध कराने की योजना है। मेला प्रशासन ने एजेंसी चयन के लिए अनुरोध प्रस्ताव जारी किया है। एजेंसी को एप बनाने और उसके संचालन, तकनीकी सहायता और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

हिंदी और अंग्रेजी के साथ बहुभाषी एप 

मोबाइल एप को मौजूदा अर्धकुंभ वेबसाइट और अन्य सरकारी व संबंधित डिजिटल प्रणालियों से जोड़ा जाएगा। इससे अलग-अलग विभागों की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली जानकारियां एक ही प्लेटफार्म पर मिलेंगी। एप को एंड्रायड और आईओएस दोनों मोबाइल सिस्टम के लिए तैयार करने का प्रविधान है।

हिंदी और अंग्रेजी के साथ इसे बहुभाषी बनाने की योजना है, ताकि दूसरे राज्यों और विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका इस्तेमाल करने में परेशानी न हो। एप में श्रद्धालुओं के लिए कई उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इसमें अर्धकुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों, धार्मिक आयोजनों और कार्यक्रमों की जानकारी मिलेगी। श्रद्धालु अपने स्थान के अनुसार आसपास के घाट, पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाओं और दूसरे जरूरी स्थानों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

लोकेशन आधारित नेविगेशन की सुविधा से उन्हें गंतव्य तक पहुंचने का रास्ता जानने में मदद मिलेगी। इसके अलावा यात्रा और ठहरने से जुड़ी जानकारी, आपातकालीन सेवाओं के संपर्क, जरूरी घोषणाएं और अलर्ट भी एप के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। मेला प्रशासन की ओर से कोई महत्वपूर्ण सूचना जारी होने पर मोबाइल पर संदेश भेजने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इससे श्रद्धालुओं को बार-बार अलग-अलग वेबसाइट या कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

भीड़ और यातायात प्रबंधन में मिलेगी मदद

अर्धकुंभ में सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करना और उन्हें सुरक्षित तरीके से घाटों तक पहुंचाना है। प्रमुख स्नान पर्वों पर धर्मनगरी के प्रवेश मार्गों, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और गंगा घाटों पर दबाव बढ़ेगा। ऐसे में सही समय पर सही जानकारी मिलना बेहद जरूरी होगा। मोबाइल एप के माध्यम से पार्किंग, रास्तों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मिलने से श्रद्धालु अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे।

किसी मार्ग पर अधिक भीड़ होने या यातायात व्यवस्था में बदलाव की स्थिति में प्रशासन की ओर से सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। इससे मेला पुलिस और प्रशासन को भी फायदा मिलेगा। श्रद्धालुओं तक सीधे सूचना पहुंचने से अनावश्यक आवाजाही कम करने और भीड़ को अलग-अलग मार्गों पर व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। आपात स्थिति में हेल्पलाइन और जरूरी सेवाओं की जानकारी भी लोगों के काम आएगी।

जीआइएस मैपिंग और डिजिटल खोया-पाया पोर्टल से जुड़ेगा सिस्टम

अर्धकुंभ क्षेत्र के करीब 150 वर्ग किमी इलाके की जीआइएस आधारित मैपिंग की जा रही है। इसके तहत प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों, रास्तों, प्रवेश और निकास बिंदुओं का डिजिटल डाटा तैयार किया जा रहा है। क्षेत्र को 32 सेक्टर में बांटकर मैपिंग का काम हो रहा है। इसका उद्देश्य भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करना है।

साथ ही, डिजिटल खोया-पाया पोर्टल विकसित करने की भी योजना है। अर्धकुंभ जैसे बड़े आयोजन में अक्सर भीड़ के कारण लोग अपने स्वजन से बिछड़ जाते हैं। कई बार बच्चों और बुजुर्गों को तलाशने में भी काफी समय लग जाता है। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से बिछड़े लोगों और खोए सामान की जानकारी दर्ज करने तथा उन्हें तलाशने की प्रक्रिया आसान बनाने का प्रयास किया जाएगा।

मोबाइल एप को इन डिजिटल व्यवस्थाओं से जोड़ने पर श्रद्धालुओं को एक ही जगह से कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी। किसी घाट तक पहुंचने का रास्ता जानने के साथ वहां से जुड़ी दूसरी जरूरी जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।

यह भी पढ़ें- कूड़े के ढेर पर बसेगा हरिद्वार अर्धकुंभ मेला क्षेत्र, जेसीबी से कचरा फैलाकर समतल की जा रही जमीन

यह भी पढ़ें- अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे के लिए 52 गांवों की जमीन खरीदेगी सरकार, किसानों को मिलेगा 4 गुना मुआवजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।