विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तो क्या हरिद्वार अर्धकुंभ में जाम में फंसेंगे श्रद्धालु? पार्किंग टेंडर में बार-बार आ रही परेशानी

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:05 AM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 10:19 AM (IST)

हरिद्वार अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए शहर के बाहर नौ अस्थायी पार्किंग बनाने की योजना टेंडर प्रक्रिया में फंसी है। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार । अर्धकुंभ में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को शहर के बाहर रोकने और जाम से बचाने की योजना टेंडर प्रक्रिया में अटकी है। बाहरी क्षेत्रों में नौ जगह अस्थायी पार्किंग बनानी है और यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं जुटानी हैं।

शहर की कोर पार्किंग का संचालन भी व्यवस्थित करना है। सेवा प्रदाता चुनने की प्रक्रिया जुलाई से जारी है, लेकिन बार-बार निविदाएं आमंत्रित करनी पड़ रही हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं।

अर्धकुंभ में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। निजी कारों और बसों से आने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी रहेगी। शहर के भीतर वाहनों का दबाव घटाने के लिए हरिद्वार मेला प्राधिकरण ने तीन प्रमुख प्रवेश मार्गों पर नौ स्थान चिह्नित किए हैं।

नारसन-रुड़की-हरिद्वार मार्ग के पैकेज में बधेड़ी राजपूताना, लिब्बरहेड़ी चीनी मिल के पास और आसफनगर झाल में पार्किंग बनाई जानी है। नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग के तहत गुरुकुल कांगड़ी, खैरा ढाबा सज्जनपुर पीली और कांगड़ी-गाजीवाली में व्यवस्था होगी। देहरादून-ऋषिकेश-नेपाली फार्म-हरिद्वार मार्ग के पैकेज में आइडीपीएल, खैरीकलां नेपाली फार्म और श्यामपुर रेलवे क्रासिंग के पास पार्किंग बनाई जानी है।

पार्किंग के साथ यात्री सुविधाएं भी जुटानी हैं

नौ स्थानों पर वाहनों के लिए जगह बनाने के साथ अस्थायी पार्किंग का विकास, संचालन और रखरखाव भी टेंडर का हिस्सा है। एजेंसी को रास्ते में यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने और पार्किंग स्थल के प्रबंधन की जिम्मेदारी भी उसी की होगी।

उद्देश्य है कि बाहर से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश न करना पड़े और श्रद्धालुओं को पार्किंग के लिए भटकना न पड़े। इस काम के लिए पहली निविदा 21 जुलाई को जारी हुई थी। इसके बाद सितंबर और अक्टूबर में भी निविदाएं आमंत्रित की गईं।

अब नौ नवंबर को चौथी बार टेंडर जारी हुआ है। इस बार पैकेज एक, तीन और चार के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। बार-बार निविदा के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ने से समय पर पार्किंग तैयार होने पर सवाल उठ रहे हैं।

कोर पार्किंग में स्मार्ट व्यवस्था और 24 घंटे संचालन

मेला प्राधिकरण की निविदा के आरएफपी में गौरीशंकर, सप्तऋषि आश्रम, पवनधाम और सिद्धश्रोत पार्किंग शामिल हैं। चुनी गई एजेंसी को यहां 24 घंटे व्यवस्था संभालनी होगी और स्मार्ट पार्किंग के उपकरण, हार्डवेयर व साफ्टवेयर उपलब्ध कराने होंगे।

वाहनों के प्रवेश-निकास पर नजर रखने के साथ नंबर, आने-जाने का समय और जरूरी विवरण दर्ज करना होगा। वाहन चालकों को टोकन और शुल्क की रसीद भी देनी होगी। पार्किंग में वाहनों की अलग-अलग श्रेणियों के लिए व्यवस्था, प्रवेश-निकास संकेतक, शुल्क संबंधी बोर्ड और आंतरिक मार्गों पर चिह्नांकन करना होगा।

जरूरत के अनुसार द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे। एजेंसी कर्मचारियों की तैनाती, वाहनों की सुरक्षा, सफाई और कूड़ा निस्तारण भी संभालेगी। शौचालय, पेयजल और प्रमुख प्रकाश व्यवस्था प्राधिकरण देगा; इनके रखरखाव और संचालन में एजेंसी को समन्वय करना होगा।

पार्किंग के इंतजाम में देरी से बढ़ेगा यातायात दबाव

कोर पार्किंग संचालन के लिए अगस्त में जारी टेंडर में नौ एजेंसियों ने हिस्सा लिया था। तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद उपलब्ध रिकॉर्ड में सबसे कम बोली करीब 16.30 लाख रुपये दर्ज है। फिर भी अक्टूबर में दोबारा टेंडर जारी हुआ।

चार नवंबर को बोली खुलने के बाद नौ नवंबर को फिर निविदा आमंत्रित करनी पड़ी।दोनों कामों में देरी से अर्धकुंभ की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। बाहरी मार्गों पर पार्किंग तैयार नहीं हुई तो निजी वाहन शहर में प्रवेश करेंगे और प्रमुख मार्गों, बाजारों तथा घाटों के आसपास दबाव व जाम बढ़ सकता है।

सुविधाओं की कमी से यात्रियों को भी परेशानी होगी। समय कम होने के बीच निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसियों का चयन और काम शुरू कराना मेला प्राधिकरण के सामने चुनौती है।

यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा का मजबूत घेरा, मेला क्षेत्र में बनेंगे 36 थाने... एटीएस-एनएसजी पर मंथन

यह भी पढ़ें- हरिद्वार के गंगा तटों पर आकार लेने लगी अर्धकुंभ नगरी, करीब 35 हजार कार्मिक कर रहे दिन-रात काम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।