विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा का मजबूत घेरा, मेला क्षेत्र में बनेंगे 36 थाने... एटीएस-एनएसजी पर मंथन

Published: Sun, 22 Nov 2026 02:27 PM (IST)

हरिद्वार अर्धकुंभ के लिए मेला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु 36 थाने, 30 खोया-पाया केंद्र और एटीएस-एनएसजी की तैनाती पर विचार किया जा रहा है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ को लेकर मेला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाने की तैयारी है।

मेला क्षेत्र से लेकर शहर के बाहरी इलाकों, यातायात मार्गों और रेलवे स्टेशनों तक पुलिस की निगरानी मजबूत की जाएगी। इसके लिए मेला क्षेत्र में 36 थाने स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

इनमें 32 सेक्टर थाने, तीन ट्रैफिक थाने और एक साइबर थाना शामिल होगा। वहीं, रेलवे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए जीआरपी के छह थाने भी प्रस्तावित हैं।

भीड़ के दबाव के हिसाब से बनेंगे सेक्टर थाने

अर्धकुंभ के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की आवाजाही का दबाव अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग रहेगा। स्नान पर्वों पर घाटों, प्रमुख मंदिरों, संपर्क मार्गों और पार्किंग स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में 32 सेक्टर थानों के गठन की योजना बनाई गई है।

इन थानों के माध्यम से मेला क्षेत्र को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर पुलिस व्यवस्था संचालित की जाएगी। जबकि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए तीन ट्रैफिक थाने प्रस्तावित किए गए हैं। इनका उद्देश्य यातायात व्यवस्था की निगरानी, वाहनों का दबाव नियंत्रित करने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू कराने में समन्वय स्थापित करना होगा।

30 खोया-पाया केंद्र बनेंगे मददगार

अर्धकुंभ में भारी भीड़ के बीच बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के बिछड़ने की घटनाएं भी चुनौती बनती हैं। इसे देखते हुए 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है।

इससे गुमशुदा लोगों की जानकारी दर्ज करने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी। खासकर भीड़भाड़ वाले घाटों, मंदिरों और प्रमुख आवागमन स्थलों पर यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।

एटीएस और एनएसजी की तैनाती पर भी मंथन

करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और अर्धकुंभ के अंतरराष्ट्रीय महत्व को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजामों पर भी विचार किया जा रहा है। आतंकवादी गतिविधियों और किसी भी बड़े सुरक्षा खतरे से निपटने के लिए एटीएस और एनएसजी जैसी विशेष एजेंसियों की तैनाती को लेकर मंथन चल रहा है। इसके अलावा संवेदनशील स्थलों की पहचान, निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था भी सुरक्षा योजना का हिस्सा होगी।

पिछला अनुभव आएगा काम

मेला आइजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत का पुराना अनुभव भी मेला पुलिस प्रशासन के लिए अहम साबित हो सकता है। डॉ. रावत हरिद्वार में एसपी सिटी से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने हरिद्वार में कई प्रमुख स्नान पर्वों और बड़े मेलों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया है।

इसी तरह मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल भी हरिद्वार में बतौर एएसपी तैनात रहे हैं।ऐसे में हरिद्वार की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, यातायात के दबाव और स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भीड़ की चुनौतियों से उनकी परिचितता अर्धकुंभ की सुरक्षा योजना को प्रभावी बनाने में मददगार साबित होगी।

फिलहाल कुछ पुलिस बल आवंटित हुआ है, दिसंबर की शुरूआत तक और पुलिस बल आ जाएगा। जिसके बाद हर सेक्टर और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए चिन्हित जगहों पर थाने बनाए जाएंगे। पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के साथ ही एनएसजी, एटीएस जैसे बलों की तैनाती भी की जाएगी। साथ ही 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। - डा. योगेंद्र सिंह रावत, मेला आइजी

यह भी पढ़ें- हरिद्वार के गंगा तटों पर आकार लेने लगी अर्धकुंभ नगरी, करीब 35 हजार कार्मिक कर रहे दिन-रात काम

यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में हरिद्वार की सफाई व्यवस्था होगी चाकचौबंद, 10 हजार क्यूआर कोड करेंगे ऑनलाइन निगरानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।