विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरित अर्धकुंभ की गजब तैयारियां, जमीन पर हरियाली की कटिंग! दीवारों पर पेड़-पौधों की तस्वीरें...

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:46 AM (IST)Updated: Thu, 26 Nov 2026 08:56 AM (IST)

हरिद्वार में हरित अर्धकुंभ की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं, जहां दीवारों पर पेड़-पौधों की तस्वीरें बन रही हैं, वहीं जमीन पर सैकड़ों पेड़ काटे जा रहे हैं और गमले हटाए जा रहे हैं।

दीवारों पर पेड़-पौधों की तस्वीरें बनाकर हरित अर्धकुंभ का संदेश

दीवारों पर पेड़-पौधों की तस्वीरें बनाकर हरित अर्धकुंभ का संदेश

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

शैलेंद्र गोदियाल, हरिद्वार। हरित अर्धकुंभ की गजब तैयारियां हैं! दीवारों पर पेड़-पौधों की तस्वीरें उकेरी जा रही हैं, प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है और लाखों पौधे रोपने के दावे किए जा रहे हैं।

परंतु, शहर की जमीन पर तस्वीर बिल्कुल उलट है। यहां पेड़ बचाने के बजाय काटे गए हैं, पौधों से सजे गमले हटाए जा रहे हैं और हरियाली की जगह लोहे के एंगल, लाल पत्थर और कंक्रीट ले रहे हैं। सवाल यह है कि जब हरित अर्धकुंभ की तैयारी में ही शहर की हरियाली उजाड़ी जा रही है तो आखिर यह हरित अर्धकुंभ किसके लिए और किस हरियाली के दम पर होगा।

 सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण का दबा

धर्मनगरी हरिद्वार में तेजी से बढ़ते शहरीकरण ने पहले ही हरियाली का दायरा समेट दिया है। जहां कभी बाग-बगीचे और खुले मैदान हुआ करते थे, वहां अब कंक्रीट की कालोनियां खड़ी हैं। सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण का दबाव है। ऐसे में बची-खुची हरियाली को संरक्षित करने की जरूरत थी, लेकिन विकास कार्यों की रफ्तार में पेड़-पौधे लगातार पीछे छूटते जा रहे हैं।

हरकी पैड़ी के ठीक सामने सीसीआर, रोड़ीबेलवाला, अलकनंदा होटल के निकट और पंतद्वीप क्षेत्र में विकास कार्यों के चलते कई पेड़-पौधे हटाए जा चुके हैं। गंगनहर पटरी पर भी हरियाली को बड़ा नुकसान पहुंचा है। करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में मौजूद सात सौ से अधिक छोटे-बड़े पेड़-पौधों को काटे जाने की बात सामने आई। वर्षों में तैयार हुई हरियाली को विकास कार्यों के नाम पर हटाने में वक्त नहीं लगा।

गमलों की हरियाली भी विकास की भेंट!

हरिद्वार : शहर की सड़कों और डिवाइडरों को सुंदर बनाने के लिए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने कुछ वर्ष पहले हजारों गमले रखवाए थे। इन गमलों में लगे पौधे सड़कों की सुंदरता बढ़ाने के साथ शहर को हरियाली का अहसास भी कराते थे।

एचआरडीए इनकी सिंचाई और देखरेख भी करता था। मगर अब अर्धकुंभ की तैयारियों में डिवाइडरों पर लोहे के एंगल और लाल पत्थर लगाने के लिए इन गमलों को हटाया जा रहा है। शंकर आश्रम और चंद्राचार्य चौक क्षेत्र से गमले हटाए जा चुके हैं। पुराने डिवाइडर तोड़कर नए निर्माण किए जा रहे हैं।

लाखों पौधों का ऐलान, जमीन पर सन्नाटा!

हरिद्वार : मेला प्रशासन अर्धकुंभ 2027 को हरित कुंभ के रूप में आयोजित करने का दावा कर चुका है। शहर में लाखों पौधे लगाने और बैरागी द्वीप को भी हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की घोषणा हुई थी। मगर पौधारोपण के दावे और जमीनी हकीकत के बीच अब भी लंबी दूरी नजर आ रही है।

शहर के कई पेड़ों की बेतरतीब लापिंग ने भी उनकी सेहत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई पेड़ सूखने की कगार पर हैं। अर्धकुंभ शुरू होने में करीब डेढ़ माह शेष है। अगर डेढ़ माह में लाखों पौधे रोपे जाएंगे तो उनकी सिंचाई और सुरक्षा कौन करेगा।

हरियाली दीवारों पर नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए। हरित अर्धकुंभ का मतलब दीवारों पर पेड़-पौधों की तस्वीरें बनाना नहीं है। हरिद्वार की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली से भी रही है। पहले जो पेड़ मौजूद हैं, उन्हें बचाने की जरूरत है।
- संजय पंवार, पर्यावरण प्रेमी हरिद्वार

गंग नहर पटरी की पूरी हरियाली को गायब कर दिया गया है। अर्धकुंभ में कितने करोड़ रुपये के काम हो रहे हैं। लेकिन कितने पेड़ काटे गए, कितने गमले हटाए गए और उनके बदले कितने पौधे लगाए गए। हरित अर्धकुंभ की बात करने वालों को पहले हरियाली का बजट और उसका हिसाब भी सार्वजनिक करना चाहिए।
- संदीप कपूर, महामंत्री बड़ी रामलीला समिति हरिद्वार

यह भी पढ़ें- यात्रियों को होगी परेशानी! डेढ़ माह बाद हरिद्वार में अर्धकुंभ, लेकिन उत्तराखंड रोडवेज के पास बसें नहीं

यह भी पढ़ें- अब ऋषिकेश में जानकी सेतु से देखिए बदरी-केदार की झलक, अर्धकुंभ से पहले दिखेगा भव्य दृश्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।