विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब ऋषिकेश में जानकी सेतु से देखिए बदरी-केदार की झलक, अर्धकुंभ से पहले दिखेगा भव्य दृश्य

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:10 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 03:12 PM (IST)

ऋषिकेश के जानकी सेतु पर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की भव्य थ्रीडी कलाकृतियां उकेरी जाएंगी, जिससे यह पुल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनेगा।

बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की थ्रीडी कलाकृतियों से सजेगा पुल। जागरण

बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की थ्रीडी कलाकृतियों से सजेगा पुल। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में वेद निकेतन के समीप जानकी सेतु नए रंग-रूप में दिखेगा। पुल के पिलरों में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की भव्य कलाकृतियां उकेरी जाएंगी। यह कलाकृतियां थ्रीडी होंगी, जो दूर से ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेंगी।

निकाय की ओर से करीब सात लाख रुपये की लागत से दोनों पिलरों के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जानकी सेतु मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम को जोड़ने वाला पुल है। इस पुल से रोजाना हजारों श्रद्धालु, स्थानीय लोग और पर्यटक आवागमन करते हैं। गंगा के ऊपर बने इस पुल से गंगा, पहाड़ों और आश्रमों का मनमोहक नजारा दिखाई देता है।

सुंदरीकरण की योजना तैयार

आगामी अर्धकुंभ दृष्टिगत निकाय ने इसके सुंदरीकरण की योजना तैयार की है। स्वर्गाश्रम क्षेत्र से पिलर लंबे समय से सादे और बेरंग दिखाई दे रहे हैं। इसलिए निकाय ने इन्हें धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाने की योजना तैयार की है।

योजना के तहत एक पिलर पर बदरीनाथ धाम और दूसरे पर केदारनाथ धाम की थ्रीडी पेंटिंग बनाई जाएगी। साथ ही आसपास गंगा, हिमालय, फूलों और धार्मिक प्रतीकों की कलाकृतियां भी उकेरी जाएंगी। रात में इन कलाकृतियों को देखने के लिए विशेष लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। करीब एक माह में काम पूरा करने की तैयारी है।

स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा लाभ

पुल के पिलरों पर बदरीनाथ और केदारनाथ की थ्रीडी कलाकृतियां बनने से पुल की सुंदरता बढ़ेगी और जो यात्री चारधाम नहीं जा पाते, उन्हें यहीं से उक्त कलाकृति के माध्यम से धामों की झलक देखने को मिलेगी। सुंदरीकरण के बाद जानकी सेतु क्षेत्र सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी विकसित होने की उम्मीद है।

इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आसपास के व्यापारियों को भी लाभ होगा। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि जानकी सेतु पहले से ही पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है, सुंदरीकरण के बाद यह और भी खूबसूरत हो जाएगा।

टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। कोशिश है कि काम को तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आने वाले पर्यटन सीजन में श्रद्धालु और पर्यटक सजे हुए जानकी सेतु का आनंद ले सकें। - दीपक शर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में अर्धकुंभ का नया फुटपाथ, राहगीर ही बेगाने... अतिक्रमण साथ

यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में ट्रेन से आने वाले श्रद्धालु अब नहीं होंगे परेशान, 4500 वर्गमीटर में बना यात्री सुविधा केंद्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।